जमशेदपुर :लौहनगरी जमशेदपुर के सोनारी थाना क्षेत्र अंतर्गत मरीन ड्राइव स्थित झाड़ियों में मंगलवार की देर रात पुलिस और अपराधियों के बीच सीधी मुठभेड़ हो गई। दोनों ओर से हुई करीब तीन-तीन राउंड अंधाधुंध फायरिंग में बिंदल मॉल रेस्टोरेंट गोलीकांड के दो मुख्य शूटर मोहन यादव और अजीत मंडल के पैर में गोली लगी है।मुठभेड़ के बाद घायल अवस्था में दोनों ₹1-1 लाख के इनामी शूटरों को पुलिस ने गिरफ्तार कर इलाज के लिए तत्काल एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया है।
हथियार बरामदगी के दौरान पुलिस की पिस्टल छीनकर भागे अपराधी
मुठभेड़ की पूरी कहानी और पुलिसिया कार्रवाई का ब्योरा देते हुए सिटी एसपी ललित मीणा ने बताया 26 सितंबर को सोनारी स्थित बिंदल मॉल के रेस्टोरेंट में दिनदहाड़े तीन अपराधियों ने अंधाधुंध गोलीबारी की थी, जिसमें 4 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए थे। मामले में पुलिस साजिशकर्ता को पहले ही जेल भेज चुकी थी, जबकि 3 शूटरों पर ₹1-1 लाख का इनाम घोषित था। एसएसपी के निर्देश पर मंगलवार शाम पुलिस टीम ने दो मुख्य शूटरों मोहन यादव और अजीत मंडल को गिरफ्तार किया। पूछताछ में दोनों ने बताया कि वारदात में प्रयुक्त हथियार उन्होंने मरीन ड्राइव के झाड़ियों के पीछे छिपा रखे हैं। पुलिस टीम दोनों को हथियार बरामदगी के लिए जंगल में ले गई। इसी बीच मौका पाकर दोनों अपराधियों ने एक पुलिस जवान के कमर से सर्विस पिस्टल छीन ली और पुलिस टीम पर ताबड़तोड़ फायरिंग करते हुए भागने की कोशिश की।
आत्मरक्षा में पुलिस ने की 3 राउंड जवाबी कार्रवाई; 2 पिस्टल जब्त
अपराधियों द्वारा पुलिस टीम पर चलाई गई गोलियों के बाद पुलिस अधिकारियों ने तुरंत मोर्चा संभाला।”जवान की पिस्टल छीनकर फायरिंग करते हुए भाग रहे अपराधियों पर पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी क्रास-फायरिंग की। इसमें दोनों शूटरों मोहन यादव और अजीत मंडल के पैर में गोली लगी और वे मौके पर ही गिर पड़े, जिसके बाद उन्हें दबोच लिया गया।” पुलिस ने मौके से छिने गए हथियार के साथ-साथ घटना में इस्तेमाल की गई दो पिस्टल भी बरामद कर ली हैं।
घटनास्थल सील, एसएसपी और सिटी एसपी ने संभाला मोर्चा
एनकाउंटर की घटना के तुरंत बाद एसएसपी, सिटी एसपी ललित मीणा, डीएसपी और सोनारी थाना प्रभारी समेत भारी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुंचे।पुलिस ने मरीन ड्राइव स्थित एनकाउंटर स्थल को पूरी तरह सील कर फॉरेंसिक साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि बिंदल मॉल गोलीकांड के तीसरे फरार शूटर की गिरफ्तारी के लिए भी छापेमारी की जा रही है और शहर में कानून व्यवस्था बिगाड़ने वाले किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा।
