जमशेदपुर: शहर के बर्मा माइंस थाना क्षेत्र स्थित मुस्लिम बस्ती कब्रिस्तान के पास देर रात एक युवक पर अज्ञात हमलावरों ने जानलेवा हमला कर दिया। हमलावरों ने युवक पर चापड़, चाकू और पत्थर से हमला किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। वारदात के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए।
घायल युवक की हालत गंभीर
घायल युवक की पहचान कैरिज कॉलोनी निवासी राजा कर्मकार के रूप में हुई है। घटना की जानकारी मिलने के बाद परिजन मौके पर पहुंचे और घायल राजा कर्मकार को इलाज के लिए सदर अस्पताल ले गए। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें एमजीएम अस्पताल रेफर कर दिया, जहां उनका इलाज जारी है।
घर के बाहर टहल रहे थे राजा कर्मकार
राजा कर्मकार की पत्नी के अनुसार, परिवार के लोग अपनी मां के घर किश्त का पैसा लेने गए थे। इसी दौरान राजा घर के बाहर टहल रहे थे। तभी कुछ युवकों ने अचानक उन पर हमला कर दिया। पत्नी ने बताया कि परिवार का किसी के साथ कोई पुराना विवाद नहीं है और हमले की वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं है।
घटना के बाद इलाके में तनाव
जानलेवा हमले की घटना के बाद इलाके में कुछ समय के लिए तनाव का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों ने भी वारदात को लेकर चिंता जताई है। परिजनों ने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कर हमलावरों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलने के बाद बर्मा माइंस थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और हमलावरों की पहचान करने का प्रयास कर रही है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, हमले के पीछे के कारणों का पता लगाया जा रहा है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।फिलहाल घायल राजा कर्मकार की हालत गंभीर बताई जा रही है और उनका एमजीएम अस्पताल में उपचार जारी है।
