जमशेदपुर: केस मैनेज कराने का झांसा देकर युवक से लूट , दो गिरफ्तार

जमशेदपुर: एमजीएम थाना क्षेत्र में केस मैनेज कराने का झांसा देकर एक युवक से नकदी, बाइक और मोबाइल फोन लूटने के मामले का पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से लूटी गई स्प्लेंडर बाइक, दो मोबाइल फोन समेत घटना से जुड़े अन्य सामान बरामद किए गए हैं।

केस मैनेज कराने के नाम पर सुनसान जगह बुलाया

पुलिस के अनुसार, पीड़ित बिरेन दास को कुछ लोगों ने केस मैनेज कराने की बात कहकर गोलमुरी थाना क्षेत्र के आनंदनगर स्थित एक सुनसान स्थान पर बुलाया था। आरोप है कि वहां पहुंचने के बाद उसे डराया-धमकाया गया और उसकी जेब से 25,600 रुपये नकद, स्प्लेंडर मोटरसाइकिल और दो मोबाइल फोन छीन लिए गए।घटना के बाद पीड़ित की शिकायत पर एमजीएम थाना में कांड संख्या 105/2026, दिनांक 13 सितंबर 2026 को भारतीय न्याय संहिता की धारा 308(6) और 318(4) के तहत मामला दर्ज किया गया।

विशेष टीम ने तकनीकी साक्ष्य के आधार पर की कार्रवाई

मामले की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) के मार्गदर्शन और पटमदा डीएसपी के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई।जांच के दौरान पुलिस को गुप्त सूचना के साथ तकनीकी साक्ष्य भी मिले। इन्हीं के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने दो संदिग्धों को गिरफ्तार कर लिया।

कोलकाता और मानगो के रहने वाले हैं गिरफ्तार आरोपी

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बंटी गुहा (38 वर्ष), निवासी कोलकाता, पश्चिम बंगाल और इम्तियाज खान (32 वर्ष), निवासी मानगो के रूप में हुई है।पुलिस ने आरोपियों के पास से पीड़ित की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद की। पुलिस के अनुसार, बाइक पर मूल नंबर प्लेट हटाकर WB05DG 0876 नंबर की प्लेट लगाई गई थी।इसके अलावा पीड़ित के दो सैमसंग मोबाइल फोन, एक कीपैड मोबाइल तथा घटना में इस्तेमाल किए गए रियलमी और रेडमी कंपनी के मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं।

मुख्य आरोपी का कई थानों में आपराधिक इतिहास

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी बंटी गुहा का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ कदमा, सीतारामडेरा, जुगसलाई, टेल्को, सिदगोड़ा, परसुडीह और कांड्रा समेत विभिन्न थाना क्षेत्रों में कई मामले दर्ज हैं।पुलिस अब उसके पूर्व मामलों और इस घटना में उसकी भूमिका से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।

अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच

पुलिस ने दोनों गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। मामले में आगे की जांच जारी है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि घटना में इनके अलावा और कौन-कौन लोग शामिल थे।अधिकारियों के अनुसार, कथित गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की जांच की जा रही है और जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

More From Author

बड़गाईं जमीन मामले में 21 सितंबर को पीएमएलए कोर्ट में पेश होंगे हेमंत सोरेन, आरोप गठन पर होगी सुनवाई

सरायकेला में दर्दनाक हादसा: खेलते समय गले में लिपटी प्लास्टिक रस्सी, 10 वर्षीय मासूम की मौत