जमशेदपुर: राष्ट्रवादी संगठन सैल्यूट तिरंगा की ओर से जमशेदपुर में लगातार तीसरे वर्ष ‘झारखंड गौरव सम्मान’ कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। कार्यक्रम 23 अगस्त 2026 को बिष्टुपुर स्थित माइकल जॉन ऑडिटोरियम में आयोजित होगा। इसमें झारखंड के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली विभूतियों को सम्मानित किया जाएगा।


समाज और जनसेवा में योगदान देने वालों का होगा सम्मान
प्रेस कॉन्फ्रेंस में सैल्यूट तिरंगा के झारखंड प्रदेश अध्यक्ष रविशंकर तिवारी ने बताया कि संगठन की ओर से यह कार्यक्रम आत्मनिर्भर एवं विकसित भारत की संकल्पना, राष्ट्र की एकता-अखंडता और सामाजिक समरसता को बढ़ावा देने में योगदान देने वाली विभूतियों के सम्मान के उद्देश्य से आयोजित किया जा रहा है।उन्होंने कहा कि सम्मान समारोह में झारखंड के विभिन्न क्षेत्रों में समाजहित, जनसेवा और राष्ट्र निर्माण के लिए उल्लेखनीय कार्य करने वाले लोगों को ‘झारखंड गौरव सम्मान’ से सम्मानित किया जाएगा।
चंपाई सोरेन होंगे मुख्य अतिथि
कार्यक्रम में पूर्व मुख्यमंत्री एवं सरायकेला-खरसावां विधायक चंपाई सोरेन मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। वहीं कार्यक्रम का उद्घाटन सैल्यूट तिरंगा के संस्थापक एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. राजेश झा करेंगे।पूर्व सांसद, हजारीबाग डॉ. यदुनाथ पाण्डेय कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में संगठन के पदाधिकारी रहे मौजूद
कार्यक्रम की जानकारी देने के लिए आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में संस्था के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डॉ. ए.के. लाल, राष्ट्रीय सचिव डॉ. संजय गिरी, जिला अध्यक्ष अरूप मजूमदार, प्रदेश उपाध्यक्ष रविकांत पांडेय, कुमकुम सिंह, मीता घोष और प्रज्ञा पारोमिता चक्रवर्ती समेत अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।
लगातार तीसरे वर्ष हो रहा आयोजन
सैल्यूट तिरंगा द्वारा ‘झारखंड गौरव सम्मान’ का आयोजन लगातार तीसरे वर्ष किया जा रहा है। संगठन का कहना है कि ऐसे कार्यक्रमों के माध्यम से समाज और राष्ट्र के लिए उल्लेखनीय कार्य करने वाले लोगों को सार्वजनिक रूप से सम्मानित कर उनके योगदान को प्रोत्साहित किया जाता है।
