Views: 0
जमशेदपुर। जमशेदपुर के खासमहल से गोविंदपुर तक जाने वाली सड़क की बदहाली से त्रस्त झारखंड जनतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (जेकेएम) के कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को मोर्चा खोल दिया। सड़क की अविलंब मरम्मत की मांग को लेकर कार्यकर्ताओं ने उपायुक्त (डीसी) कार्यालय के समक्ष जोरदार प्रदर्शन किया और प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई।
गड्ढों में तब्दील हुई लाइफलाइन
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि खासमहल से गोविंदपुर को जोड़ने वाली यह सड़क क्षेत्र की मुख्य संपर्क मार्ग है, लेकिन वर्तमान में यह पूरी तरह जर्जर हो चुकी है। विशेष रूप से राहरगोड़ा क्षेत्र में सड़क का अस्तित्व लगभग समाप्त हो गया है और वहां केवल बड़े-बड़े गड्ढे ही नजर आते हैं।
आम जनता और स्कूली बच्चों की बढ़ी मुश्किलें
मोर्चा के नेताओं ने सड़क की खराब स्थिति के कारण होने वाली समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। आए दिन दुपहिया और तिपहिया वाहन चालक इन गड्ढों के कारण दुर्घटना का शिकार हो रहे हैं।प्रतिदिन हजारों की संख्या में विद्यार्थी और कामगार इस सड़क का उपयोग करते हैं, जिन्हें समय पर गंतव्य तक पहुँचने में भारी मशक्कत करनी पड़ती है। हल्की बारिश होते ही सड़क तलाब में तब्दील हो जाती है, जिससे पैदल चलना भी दूभर हो जाता है।
“जल्द काम शुरू नहीं हुआ तो होगा उग्र आंदोलन”
जेकेएम के प्रतिनिधियों ने उपायुक्त को एक मांग पत्र (ज्ञापन) सौंपा। इसमें मांग की गई है कि प्रशासन तकनीकी टीम भेजकर सड़क का अविलंब निरीक्षण कराए और सुदृढ़ीकरण कार्य प्रारंभ करे। मोर्चा के नेताओं ने स्पष्ट शब्दों में चेतावनी दी कि यदि अगले कुछ दिनों में मरम्मत कार्य के संकेत नहीं मिले, तो संगठन चरणबद्ध तरीके से आंदोलन शुरू करेगा, जिसकी जिम्मेदारी जिला प्रशासन की होगी।
