जमशेदपुर के कदमा स्थित आंध्रा एसोसिएशन की वार्षिक आमसभा रविवार को एसोसिएशन परिसर के सेंटेनरी हॉल में आयोजित हुई। बैठक में ट्रस्टी, आजीवन सदस्य, प्रबंध समिति के सदस्य और बड़ी संख्या में एसोसिएशन के सदस्यों ने भाग लिया।
श्रद्धांजलि के साथ हुई बैठक की शुरुआत
कार्यक्रम की शुरुआत एसोसिएशन प्रार्थना से हुई। इसके बाद 29 सितंबर 2024 को आयोजित पिछली वार्षिक आमसभा की कार्यवाही की पुष्टि की गई। इस अवसर पर दिवंगत सदस्यों को दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
महासचिव ने पेश किया कार्यों का प्रतिवेदन
मानद महासचिव वाई. के. शर्मा ने 1 अप्रैल 2024 से 31 मार्च 2026 की अवधि का प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। उन्होंने एसोसिएशन द्वारा किए गए विकास कार्यों, शैक्षणिक गतिविधियों, सांस्कृतिक कार्यक्रमों, खेलकूद आयोजनों और सामाजिक सेवा कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि नए पैसेंजर लिफ्ट और सेंटेनरी हॉल (रूफटॉप हॉल) का निर्माण प्रमुख उपलब्धियों में शामिल है।
शताब्दी वर्ष को लेकर अध्यक्ष का संदेश
एसोसिएशन के अध्यक्ष मेजर के. सत्यनारायण ने अपने संबोधन में ट्रस्टियों, प्रबंध समिति, सदस्यों और कर्मचारियों के सहयोग की सराहना की। उन्होंने कहा कि 1926-2026 के शताब्दी वर्ष के अवसर पर संगठन की एकता, पारदर्शिता और सेवा भावना को और मजबूत किया जाएगा।
ऑडिटेड खातों को मिली मंजूरी
बैठक में वित्तीय वर्ष 2024-25 और 2025-26 के ऑडिटेड खातों को सदस्यों के समक्ष प्रस्तुत किया गया। चर्चा के बाद आमसभा ने दोनों वित्तीय वर्षों के लेखा-जोखा को सर्वसम्मति से मंजूरी दे दी।
विकास से जुड़े सुझावों पर हुई चर्चा
बैठक के दौरान एसोसिएशन के भविष्य और कल्याण से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा हुई। सदस्यों द्वारा दिए गए सुझावों को संविधान के अनुरूप विचार के लिए स्वीकार किया गया। धन्यवाद ज्ञापन और राष्ट्रगान के साथ वार्षिक आमसभा का समापन हुआ।
