Views: 1
जमशेदपुर: लौहनगरी जमशेदपुर में काली पूजा का पर्व पूरे श्रद्धा और उल्लास के साथ धूमधाम से मनाया गया। शहर के विभिन्न इलाकों में आकर्षक पूजा पंडालों का निर्माण कर मां काली की प्रतिमाएं स्थापित की गई थीं। पूजा के दौरान पंडालों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। भक्तों ने विधि-विधान से मां काली की पूजा-अर्चना कर परिवार और समाज की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।वहीं, सोमवार को शहर की विभिन्न पूजा समितियों की ओर से मां काली की प्रतिमाओं का विसर्जन किया जा रहा है। इसके लिए मानगो स्थित स्वर्णरेखा घाट पर सुबह से ही पूजा समितियों और श्रद्धालुओं का पहुंचना शुरू हो गया। गाजे-बाजे और पारंपरिक वाद्य यंत्रों के साथ श्रद्धालु मां काली को भावपूर्ण विदाई दे रहे हैं।
मां के जयकारों से भक्तिमय हुआ स्वर्णरेखा घाट
विसर्जन यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं में उत्साह के साथ मां काली के प्रति गहरी आस्था देखने को मिल रही है। स्वर्णरेखा घाट पर प्रतिमाओं के विसर्जन के लिए लोगों की भीड़ जुट रही है। मां काली के जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय बना हुआ है।पूजा समितियों की ओर से निर्धारित परंपराओं और रीति-रिवाजों के अनुसार मां की प्रतिमाओं का विसर्जन किया जा रहा है। श्रद्धालु नम आंखों से मां को विदाई देते हुए अगले वर्ष फिर से आगमन की कामना कर रहे हैं।इसके साथ ही जमशेदपुर में काली पूजा का उत्सव संपन्न हो रहा है। मां काली के भक्तों में विदाई के समय भावुकता और अगले वर्ष फिर से पूजा की प्रतीक्षा दोनों देखने को मिल रही हैं।
