Views: 0
खूंटी: संत मिखाइल महागिरजाघर के फादर सह आरसी बालक मध्य विद्यालय के प्रिंसिपल बेनेदिक्त बारला पर हुए जानलेवा हमले के विरोध में खूंटी में लोगों का आक्रोश सड़कों पर देखने को मिला। घटना से नाराज मसीही और आदिवासी समाज के सैकड़ों लोग सड़क पर उतर आए और शहर के प्रमुख भगत सिंह चौक को जाम कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने बाजार में घूम-घूमकर दुकानों और प्रतिष्ठानों को बंद कराया। सड़क पर बैरिकेड और ट्रैफिक कोन रखकर आवागमन भी बाधित कर दिया गया।
महिलाओं, युवाओं और ग्रामीणों ने किया प्रदर्शन
प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में महिलाएं, युवा और ग्रामीण कड़ी धूप के बीच छाते लगाकर सड़क पर धरने पर बैठ गए। प्रदर्शनकारियों के हाथों में विभिन्न मांगों और नारों वाली तख्तियां थीं। इनमें ‘शिक्षा की ज्योति जलाने वालों पर आक्रमण बंद करो’, ‘अपराधियों को अविलंब गिरफ्तार करो’ और ‘जिला प्रशासन हाय-हाय’ जैसे नारे लिखे थे।प्रदर्शन की अगुवाई कर रहे वक्ताओं ने लाउडस्पीकर के माध्यम से सभा को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि खूंटी मुंडा समाज की शांतिप्रिय भूमि है, लेकिन हाल के समय में लगातार हिंसक घटनाएं सामने आ रही हैं। शिक्षा के क्षेत्र में निःस्वार्थ सेवा देने वाले विद्यालय के प्रिंसिपल पर जानलेवा हमला पूरे समाज के लिए असहनीय है।
अपराधियों की गिरफ्तारी तक आंदोलन जारी रखने की चेतावनी
प्रदर्शनकारियों ने पुलिस प्रशासन से हमले में शामिल आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि जब तक अपराधियों की गिरफ्तारी नहीं होती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।प्रदर्शन के कारण भगत सिंह चौक पर यातायात पूरी तरह प्रभावित रहा। रांची-चाईबासा और खूंटी-सिमडेगा मुख्य मार्गों पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। इससे यात्रियों और दोपहिया वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
पुलिस और प्रशासन की टीम जांच में जुटी
स्थिति में तनाव को देखते हुए पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों से बातचीत शुरू की। दूसरी ओर, पुलिस की विशेष टीम डॉग स्क्वॉड के साथ घटनास्थल और स्कूल परिसर पहुंची। टीम ने मौके से अहम सुराग जुटाने और आरोपियों की धरपकड़ के प्रयास तेज किए।खूंटी की एसडीओ दीपेश कुमारी और डीएसपी मंगल सिंह जामुदा सहित गठित टीम घटनास्थल की बारीकी से जांच में जुटी हुई है। पुलिस की कार्रवाई और आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर अब प्रदर्शनकारियों की नजर प्रशासन पर टिकी है।
