धनबाद : एंटी करप्शन ब्यूरो धनबाद की टीम ने बोकारो में बड़ी कार्रवाई करते हुए बालीडीह थाना में पदस्थापित एएसआई मो. याकूब अंसारी को 5,000 रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।आरोपी पुलिस अधिकारी को बोकारो के नया मोड़ स्थित अजय कुमार की फल दुकान के सामने से गिरफ्तार किया गया।
जमीन विवाद मामले की जांच के बदले मांगे पैसे
एसीबी द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, परिवादी ने वर्ष 2009 में बालीडीह थाना क्षेत्र के मखदुमपुर इलाके में खाता नंबर-01, प्लॉट नंबर-641 की 13 डिसमिल जमीन खरीदी थी।परिवादी ने 11 मई 2026 को बालीडीह थाना प्रभारी को आवेदन देकर जमीन लूट और धमकी मामले में प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की थी। साथ ही अनुमंडल पदाधिकारी चास, पुलिस अधीक्षक बोकारो और उपायुक्त से भी न्याय की गुहार लगाई थी।मामले की जांच बालीडीह थाना में तैनात एएसआई मो. याकूब अंसारी को सौंपी गई थी। आरोप है कि जांच और जमीन सत्यापन के नाम पर आरोपी ने “खर्चा-पानी” के तौर पर 5,000 रुपये रिश्वत मांगी।
परिवादी ने एसीबी से की शिकायत
परिवादी रिश्वत देकर काम नहीं कराना चाहता था। उसने आरोपी पुलिस अधिकारी के खिलाफ भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो से शिकायत की।शिकायत मिलने के बाद एसीबी ने मामले का सत्यापन कराया। जांच में रिश्वत मांगने की पुष्टि होने पर विशेष टीम का गठन किया गया।
नया मोड़ के पास बिछाया गया जाल
एसीबी की टीम ने दंडाधिकारी और दो स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में जाल बिछाया। मंगलवार को बोकारो के नया मोड़ स्थित अजय कुमार की फल दुकान के सामने आरोपी एएसआई को 5,000 रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़ लिया गया।
आरोपी से पूछताछ जारी
गिरफ्तारी के बाद आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। एसीबी पूरे मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी हुई है।
