विक्रम शर्मा हत्याकांड में बड़ा खुलासा, 1 लाख का इनामी यशराज सहारनपुर से गिरफ्तार

देहरादून के चर्चित विक्रम शर्मा हत्याकांड, जिसे सिल्वर सिटी जिम कांड के नाम से भी जाना जाता है, में फरार चल रहे 1 लाख रुपये के इनामी आरोपी यशराज सिंह को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। देहरादून पुलिस और एसटीएफ की संयुक्त टीम ने आरोपी को सहारनपुर से पकड़ा।पुलिस इस गिरफ्तारी को मामले में अब तक की सबसे बड़ी सफलता मान रही है।

हत्या की साजिश का मुख्य मास्टरमाइंड

पुलिस पूछताछ में खुलासा हुआ है कि यशराज सिंह इस पूरे हत्याकांड का मुख्य साजिशकर्ता था। उसने अपने साथियों के साथ मिलकर विक्रम शर्मा की हत्या की पूरी योजना तैयार की और वारदात को अंजाम तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई।

दिल्ली और नोएडा में भी हुई थी हत्या की कोशिश

जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपियों ने दिसंबर 2025 में नोएडा और दिल्ली में भी विक्रम शर्मा की हत्या की कोशिश की थी। हालांकि, भीड़भाड़ अधिक होने के कारण वे अपने इरादों में सफल नहीं हो सके।इसके बाद आरोपियों ने देहरादून में जिम के बाहर रेकी कर हत्या की योजना को अंतिम रूप दिया।

पेटीएम और यूपीआई से हुआ खर्च का भुगतान

पुलिस के अनुसार, यशराज ने ही शूटरों को रांची से दिल्ली भेजने के लिए पेटीएम के जरिए फ्लाइट टिकट और अन्य खर्चों का इंतजाम किया था।वारदात में इस्तेमाल स्कूटी, होटल बुकिंग और अन्य व्यवस्थाओं का भुगतान भी यूपीआई के माध्यम से किया गया था।

खड़गपुर में छिपा था आरोपी

हत्या के बाद आरोपी खड़गपुर में अपनी बुआ के घर छिपा हुआ था और लगातार अपने ठिकाने बदल रहा था। पुलिस के मुताबिक, वह अपने पिता के वकील से सलाह लेने सहारनपुर पहुंचा था।इसी दौरान पहले से निगरानी कर रही पुलिस और एसटीएफ टीम ने उसे दबोच लिया।

और बड़े खुलासों की संभावना

पुलिस का कहना है कि यशराज सिंह की गिरफ्तारी के बाद इस हाई-प्रोफाइल हत्याकांड से जुड़े कई और अहम खुलासे हो सकते हैं। मामले की जांच जारी है।

More From Author

बागुनहातु आउटर रोड में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भवन निर्माण का शिलान्यास, विधायक पूर्णिमा साहू ने रखी आधारशिला

जमशेदपुर: उपायुक्त ने किया ‘गांधी आश्रम समर कैंप’ पोस्टर का विमोचन; कुष्ठ पीड़ित परिवारों के बच्चों के लिए 24 मई से लगेगा विशेष शिविर