जमशेदपुर। ब्रह्मर्षि विकास मंच, जमशेदपुर द्वारा आयोजित प्रेस वार्ता में आगामी 19 और 20 अप्रैल 2026 को होने वाले सामूहिक यज्ञोपवीत संस्कार को लेकर विस्तृत जानकारी दी गई। मंच के केंद्रीय अध्यक्ष राम नारायण शर्मा, संरक्षक राम प्रकाश पाण्डेय, कार्यकारी अध्यक्ष सुधीर कुमार सिंह, महासचिव मुकेश कुमार और कार्यक्रम प्रभारी प्रभाकर शर्मा ने संयुक्त रूप से बताया कि यह आयोजन सिदगोड़ा स्थित अमल संघ मैदान में किया जाएगा।
41 बटुकों का हुआ पंजीकरण
मंच के पदाधिकारियों ने बताया कि इस वर्ष सामूहिक यज्ञोपवीत संस्कार के लिए अब तक 41 बटुकों का पंजीकरण सुनिश्चित हो चुका है और इसमें बढ़ोतरी की संभावना भी है। यह आयोजन लगातार आठवें वर्ष आयोजित किया जा रहा है।
समाज में संस्कारों को जीवित रखना उद्देश्य
मंच के पदाधिकारियों के अनुसार इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य आज के भागदौड़ भरे जीवन में समाज को अपने पारंपरिक संस्कारों से जोड़े रखना है। सामूहिक आयोजन के माध्यम से कम खर्च में समय पर संस्कार सम्पन्न हो सके और समाज में आपसी सहयोग एवं सहभागिता की भावना मजबूत हो।
डेढ़ महीने से चल रही तैयारी
आयोजन को सफल बनाने के लिए मंच पिछले डेढ़ महीने से लगातार बैठकें और जनसंपर्क अभियान चला रहा है। अब तक मंच की 15 इकाइयों ने जमशेदपुर में रहने वाले ब्रह्मर्षि समाज के हजारों परिवारों से संपर्क किया है।
बिहार से आएगी आचार्यों की टीम
यज्ञोपवीत संस्कार संपन्न कराने के लिए बैकुण्ठवासी स्वामी रंग रामानुजाचार्य जी महाराज के कृपापात्र आचार्य डॉ. रंगेश शर्मा अपनी 11 सदस्यीय टीम के साथ बिहार से जमशेदपुर पहुंचेंगे।
19 अप्रैल को मड़वा और मटकोंड, 20 को जनेऊ संस्कार
कार्यक्रम के तहत
19 अप्रैल को मड़वा, मटकोंड सहित अन्य वैदिक अनुष्ठान होंगे।
20 अप्रैल को मुख्य यज्ञोपवीत (जनेऊ) संस्कार संपन्न कराया जाएगा।
आयोजन के लिए बनाए गए कई विभाग
कार्यक्रम को व्यवस्थित तरीके से संचालित करने के लिए आयोजन समिति ने कई विभाग बनाए हैं, जिनमें शामिल हैं भवन विभाग,जल एवं बिजली विभाग,आपूर्ति और स्वच्छता विभाग,अतिथि सत्कार विभाग,सहायता केंद्र,प्रचार एवं प्रसार विभाग,कार्यक्रम संचालन विभाग,भोज विभाग और यज्ञशाला विभाग।मंच के पदाधिकारियों ने बताया कि यह आयोजन समाज के लोगों के तन, मन और धन के सहयोग से संपन्न किया जा रहा है।
प्रेस वार्ता में कई पदाधिकारी रहे मौजूद
प्रेस वार्ता में ब्रह्मर्षि समाज के महानगर पदाधिकारियों के साथ-साथ मंच की विभिन्न इकाइयों के कई सदस्य भी उपस्थित रहे।
