चाकुलिया में मेगा सशक्तिकरण सह विधिक सेवा शिविर का हुआ आयोजन , 63.20 लाख की परिसंपत्तियों का वितरण

चाकुलिया: चाकुलिया प्रखंड कार्यालय के सभागार में रविवार को झारखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकार, रांची के निर्देशानुसार जिला विधिक सेवा प्राधिकार (डालसा), पूर्वी सिंहभूम के तत्वावधान में मेगा सशक्तिकरण सह विधिक सेवा शिविर का आयोजन किया गया।शिविर में मुख्य अतिथि के रूप में जमशेदपुर डालसा के जज इंचार्ज सिद्धांत तिग्गा उपस्थित रहे। वहीं जमशेदपुर के पैनल अधिवक्ता शमशाद खान और घाटशिला के पैनल अधिवक्ता सुबोध हेंब्रम विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए। चाकुलिया की प्रखंड विकास पदाधिकारी आरती मुंडा भी कार्यक्रम में मौजूद रहीं।

दीप प्रज्वलित कर शिविर का हुआ उद्घाटन

कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर की। शिविर का संचालन प्रभारी प्रखंड कृषि पदाधिकारी शिवानंद घाटवारी ने किया।इस दौरान विभिन्न सरकारी योजनाओं और विधिक सेवाओं से जुड़े लाभुकों के बीच परिसंपत्तियों एवं प्रमाण पत्रों का वितरण किया गया।

लाभुकों को मिली अबुआ आवास की चाबी और अन्य सुविधाएं

शिविर में अबुआ आवास योजना के लाभुकों को गृह प्रवेश के लिए चाबी प्रदान की गई। इसके अलावा लाभुकों के बीच मृत्यु प्रमाण पत्र, पेंशन स्वीकृति प्रमाण पत्र और मृदा स्वास्थ्य कार्ड सहित अन्य दस्तावेजों का वितरण किया गया।मुख्य अतिथि सिद्धांत तिग्गा ने विभिन्न योजनाओं के चयनित लाभुकों को परिसंपत्तियां सौंपीं।

पैनल अधिवक्ता ने दी जिला विधिक सेवा प्राधिकार की जानकारी

जमशेदपुर के पैनल अधिवक्ता शमशाद खान ने शिविर में उपस्थित लोगों को जिला विधिक सेवा प्राधिकार की भूमिका और उपलब्ध विधिक सेवाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने लोगों को जरूरतमंद एवं पात्र व्यक्तियों के लिए उपलब्ध कानूनी सहायता और अन्य सुविधाओं के संबंध में जागरूक किया।

63.20 लाख रुपये की परिसंपत्तियों का वितरण

मेगा सशक्तिकरण सह विधिक सेवा शिविर के दौरान कुल 63.20 लाख रुपये की परिसंपत्तियों का वितरण किया गया। शिविर के माध्यम से विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभुकों तक सुविधाएं पहुंचाने के साथ-साथ लोगों को विधिक अधिकारों के प्रति जागरूक करने का प्रयास किया गया।

More From Author

जमशेदपुर के उलीडीह में दिनदहाड़े चेन स्नैचिंग, महिला के गले से 2 लाख की सोने की चेन झपटी

जमशेदपुर: गोविंदपुर के अन्ना चौक पर फिर रफ़्तार का तांडव; अनियंत्रित कार ने स्कूटी सवार युवकों को रौंदा, टीएमएच में भर्ती