जमशेदपुर के डिमना स्थित जयपाल कॉलोनी में पाइपलाइन बिछाने के दौरान करंट लगने से एक मजदूर की मौत के मामले में विधायक सरयू राय ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि इस हादसे के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए।
ठेकेदार, कार्यपालक अभियंता और मेयर को बताया प्रथमदृष्टया जिम्मेदार
सरयू राय ने आरोप लगाया कि प्रथमदृष्टया इस घटना के लिए ठेकेदार, पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के कार्यपालक अभियंता और मानगो नगर निगम के मेयर जिम्मेदार हैं। उन्होंने दावा किया कि मेयर के दबाव में कार्यपालक अभियंता ने बिना रास्ते का तकनीकी अध्ययन किए पाइपलाइन बिछाने की अनुमति दी। साथ ही आरोप लगाया कि बिजली विभाग से आवश्यक अनुमति लिए बिना अवैध बिजली कनेक्शन के माध्यम से कार्य कराने की सहमति भी दी गई।
हत्या का मुकदमा दर्ज करने और मुआवजे की मांग
विधायक सरयू राय ने मांग की कि मृतक मजदूर के परिजनों को सरकार, ठेकेदार और मानगो नगर निगम की ओर से उचित मुआवजा दिया जाए।उन्होंने यह भी मांग की कि इस मामले में जिम्मेदार लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाए।
पुलिस जांच जारी
गौरतलब है कि डिमना की जयपाल कॉलोनी में पाइपलाइन बिछाने के दौरान करंट लगने से एक मजदूर की मौत हो गई थी, जबकि एक अन्य मजदूर घायल हो गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है और हादसे के कारणों का पता लगाने में जुटी है।
