भरत तिवारी एनकाउंटर केस में नया मोड़, पहली बार बिलौटी गांव पहुंचे एसपी; परिजनों को निष्पक्ष जांच का भरोसा

आरा/भोजपुर: भोजपुर जिले के चर्चित भरत तिवारी एनकाउंटर मामले में पहली बार पुलिस अधीक्षक (एसपी) राज देर रात शाहपुर थाना क्षेत्र के बिलौटी गांव स्थित मृतक भरत तिवारी के घर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने करीब एक घंटे तक परिजनों से बातचीत की और मामले के हर पहलू की निष्पक्ष जांच कराने का भरोसा दिया।एसपी की इस मुलाकात को मामले में एक महत्वपूर्ण घटनाक्रम माना जा रहा है, क्योंकि एनकाउंटर के बाद से लगातार परिजन पुलिस कार्रवाई पर सवाल उठाते रहे हैं।

मां ने की सीबीआई जांच और दोषियों को सजा देने की मांग

मृतक भरत तिवारी की मां आशा देवी ने एसपी के समक्ष अपनी मांग रखते हुए कहा कि मामले की सीबीआई जांच कराई जाए और यदि कोई दोषी पाया जाता है तो उसे कड़ी सजा दी जाए।परिवार ने सुरक्षा को लेकर भी चिंता जताई। जब एसपी ने सुरक्षा उपलब्ध कराने की बात कही तो परिजनों ने कहा कि उन्हें पुलिस से ही डर लगता है। इस पर एसपी ने भरोसा दिलाया कि जांच प्रक्रिया पूरी तरह निष्पक्ष होगी और सुरक्षा व्यवस्था भी उनकी निगरानी में सुनिश्चित की जाएगी।

‘हथियार फेंकने के बाद गोली क्यों मारी गई?’

भरत तिवारी के भाई चंदन तिवारी ने बताया कि परिवार ने एसपी के सामने सबसे अहम सवाल उठाया कि यदि भरत ने हथियार फेंक दिया था, तो फिर उसे गोली क्यों मारी गई?चंदन के अनुसार एसपी ने इस सवाल को गंभीरता से लिया और कहा कि इस बिंदु समेत पूरे घटनाक्रम की विस्तृत जांच की जाएगी। उन्होंने आश्वासन दिया कि जांच के दौरान किसी भी पहलू को नजरअंदाज नहीं किया जाएगा।

आश्वासन से नहीं, न्याय से मिलेगी संतुष्टि: परिवार

परिजनों ने स्पष्ट कहा कि फिलहाल वे किसी भी मौखिक आश्वासन से संतुष्ट नहीं हैं। उनका कहना है कि उन्हें केवल न्याय चाहिए और सच्चाई जांच रिपोर्ट के सामने आने के बाद ही स्पष्ट होगी।परिवार का कहना है कि वे पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग पर कायम हैं।

जांच रिपोर्ट पर टिकी सबकी नजर

भरत तिवारी एनकाउंटर को लेकर पहले ही पुलिसकर्मियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज हो चुकी है। अब एसपी की पीड़ित परिवार से मुलाकात के बाद मामले की जांच और न्यायिक प्रक्रिया पर लोगों की नजरें टिक गई हैं।स्थानीय लोगों और परिजनों का मानना है कि जांच रिपोर्ट ही यह तय करेगी कि एनकाउंटर परिस्थितिजन्य था या फिर इसमें किसी प्रकार की चूक अथवा अति बल प्रयोग हुआ था।

More From Author

मुजफ्फरपुर में कबाड़ गोदाम में लगी भीषण आग, दहशत में घर छोड़कर बाहर निकले लोग

भारतीय क्रिकेटर आकाश दीप ने शुरू की जीवन की नई पारी, अक्षिता राज संग विवाह बंधन में बंधे