जमशेदपुर में पलाश दीपावली मेले का शुभारंभ, महिला स्वयं सहायता समूहों के उत्पादों को मिला बाजार

Views: 0

जमशेदपुर: स्थानीय उत्पादों, ग्रामीण उद्यमिता और महिला स्वावलंबन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से जेएसएलपीएस की ओर से उपायुक्त कार्यालय परिसर में पलाश दीपावली मेले का शुभारंभ किया गया। 5 नवंबर को मेले का विधिवत उद्घाटन किया गया। दो दिवसीय इस मेले का आयोजन 6 से 7 नवंबर तक किया जा रहा है। मेले में जिले के विभिन्न महिला स्वयं सहायता समूहों की ओर से तीन स्टॉल लगाए गए हैं, जहां महिलाओं द्वारा तैयार स्थानीय, पारंपरिक, जैविक और स्वास्थ्यवर्धक उत्पाद बिक्री के लिए उपलब्ध हैं।

महिला उद्यमियों के उत्पाद बने आकर्षण का केंद्र

पलाश दीपावली मेले में महिला स्वयं सहायता समूहों द्वारा तैयार किए गए विभिन्न उत्पाद लोगों के आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। स्टॉलों पर अचार, बड़ी, पापड़, रागी के लड्डू, नमकीन, ठेकुआ सहित रागी से बने पौष्टिक खाद्य पदार्थ और मक्के से तैयार स्वास्थ्यवर्धक स्नैक्स उपलब्ध हैं।इसके अलावा महिला उद्यमियों द्वारा निर्मित झाड़ू, हर्बल उत्पाद, घरेलू सजावटी सामग्री, दीपक और स्वास्थ्य संबंधी उपयोग के उत्पाद भी प्रदर्शित किए गए हैं। मेले के माध्यम से महिलाओं को अपने उत्पादों की बिक्री और प्रचार-प्रसार का बेहतर अवसर मिल रहा है।

स्थानीय और जैविक उत्पादों की खरीदारी की अपील

उपायुक्त ने जिलेवासियों से अधिक से अधिक संख्या में पलाश दीपावली मेले में पहुंचने और महिला स्वयं सहायता समूहों द्वारा तैयार स्थानीय उत्पादों की खरीदारी करने की अपील की। उन्होंने कहा कि इस दीपावली पर अपने परिवार और परिचितों के बीच स्थानीय एवं जैविक खाद्य सामग्रियों को प्राथमिकता दें तथा स्वस्थ दीपावली मनाने का संकल्प लें।उन्होंने कहा कि स्थानीय उत्पादों को प्रोत्साहन देने से महिला उद्यमियों की आय में वृद्धि होगी और उनके आर्थिक सशक्तीकरण को भी मजबूती मिलेगी।

महिला उद्यमिता को बढ़ावा देना जिला प्रशासन की प्राथमिकता

उपायुक्त ने कहा कि इस तरह के आयोजनों का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण महिलाओं को अपने उत्पादों के प्रदर्शन और बिक्री के लिए बेहतर मंच उपलब्ध कराना है, ताकि उनके परिश्रम से तैयार उत्पादों को उचित बाजार मिल सके।उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन महिला उद्यमिता को प्रोत्साहित करने और महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। भविष्य में भी महिला उद्यमियों को आगे बढ़ाने और उनके उत्पादों के विपणन की व्यवस्था बेहतर बनाने के लिए आवश्यक प्रयास जारी रहेंगे।पलाश दीपावली मेला महिला स्वयं सहायता समूहों के हुनर, मेहनत और आत्मनिर्भरता को प्रोत्साहित करने के साथ-साथ जिलेवासियों को स्थानीय उत्पादों से जुड़ने का अवसर प्रदान कर रहा है।

More From Author

कांड्रा में पेट्रोल पंप के सामने हाईवा के टायरों में लगी आग, कर्मचारियों की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा