मानगो थाना में शांति समिति की बैठक, अपराध और नशे के खिलाफ पुलिस ने मांगा जनता का सहयोग

जमशेदपुर में बढ़ते अपराध और नशे के अवैध कारोबार पर प्रभावी नियंत्रण के उद्देश्य से पूर्वी सिंहभूम पुलिस ने जनसहभागिता बढ़ाने की दिशा में पहल तेज कर दी है। इसी क्रम में सोमवार को मानगो थाना परिसर में शांति समिति एवं पुलिस समन्वय समिति की बैठक आयोजित की गई।बैठक का मुख्य उद्देश्य स्थानीय नागरिकों के साथ संवाद स्थापित कर क्षेत्र की समस्याओं की जानकारी लेना और अपराध नियंत्रण के लिए ठोस रणनीति तैयार करना था।

एएसपी ऋषभ त्रिवेदी समेत कई लोग रहे मौजूद

बैठक में सहायक पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय-1) ऋषभ त्रिवेदी, मानगो थाना के पुलिस पदाधिकारी, शांति समिति के सदस्य, सामाजिक कार्यकर्ता तथा क्षेत्र के कई गणमान्य और शिक्षित नागरिक उपस्थित रहे।इस दौरान लोगों ने अपने-अपने क्षेत्रों में बढ़ती आपराधिक घटनाओं, नशे के अवैध कारोबार, असामाजिक तत्वों की गतिविधियों और कानून-व्यवस्था से जुड़े विभिन्न मुद्दों को पुलिस के समक्ष रखा।

हर सूचना पर होगी कार्रवाई: पुलिस

पुलिस अधिकारियों ने नागरिकों की शिकायतों और सुझावों को गंभीरता से सुनते हुए भरोसा दिलाया कि प्रत्येक सूचना का सत्यापन कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।बैठक में लोगों से अपील की गई कि वे किसी भी संदिग्ध गतिविधि या अपराध से जुड़ी सूचना बिना किसी भय के पुलिस को दें, ताकि समय रहते अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई की जा सके।

जिले के सभी थानों में हो रही हैं ऐसी बैठकें

बैठक के बाद मीडिया से बातचीत में एएसपी ऋषभ त्रिवेदी ने बताया कि वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) के निर्देश पर जिले के सभी थाना क्षेत्रों में इस प्रकार की बैठकें आयोजित की जा रही हैं।उन्होंने कहा कि मानगो थाना क्षेत्र के लोगों ने कई महत्वपूर्ण सुझाव और जानकारियां साझा की हैं, जिनके आधार पर पुलिस अपराधियों और नशे के अवैध कारोबार से जुड़े लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करेगी।

पुलिस-जनता के सहयोग से अपराध पर लगेगा अंकुश

एएसपी ऋषभ त्रिवेदी ने कहा कि अपराध मुक्त समाज के निर्माण में आम नागरिकों का सहयोग सबसे महत्वपूर्ण है। उन्होंने विश्वास जताया कि पुलिस और जनता के बेहतर समन्वय से अपराध और अवैध गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जा सकेगा।

More From Author

आदित्यपुर में युवक पर धारदार हथियार से हमला, आरोपी पिंटू प्रधान गिरफ्तार

पूर्वी सिंहभूम में मलेरिया नियंत्रण पर प्रशासन सख्त, निजी अस्पतालों को 24 घंटे में सूचना देने का निर्देश