जमशेदपुर में पीआईबी की ‘वार्तालाप-2026’ मीडिया कार्यशाला आयोजित, केंद्र की जनकल्याणकारी योजनाओं पर हुआ संवाद

जमशेदपुर: भारत सरकार के सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के अंतर्गत पत्र सूचना कार्यालय (पीआईबी), रांची द्वारा शुक्रवार को जमशेदपुर में ‘वार्तालाप-2026’ मीडिया कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला का विषय “12 साल विश्वास के, विकास के, जनकल्याण के एवं किसान सशक्तिकरण तथा किसान सम्मान निधि” रहा। इसमें पूर्वी सिंहभूम समेत आसपास के जिलों के करीब 70 पत्रकारों ने भाग लिया।कार्यशाला का उद्देश्य केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, किसान-केंद्रित पहलों और विकसित भारत-2047 के संकल्प से जुड़े विषयों पर मीडिया के साथ तथ्यपरक संवाद स्थापित करना था।

लोकतंत्र को मजबूत बनाता है सरकार और मीडिया के बीच संवाद: अखिल कुमार मिश्रा

कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन एवं अतिथियों के स्वागत के साथ हुआ। उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए पीआईबी रांची/भुवनेश्वर के अपर महानिदेशक अखिल कुमार मिश्रा ने कहा कि सरकार और मीडिया के बीच निरंतर संवाद लोकतंत्र को मजबूत बनाता है। उन्होंने कहा कि जनहितकारी योजनाओं की सही और प्रमाणिक जानकारी आम लोगों तक पहुंचाने में मीडिया की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है।

12 वर्षों की उपलब्धियों और जनकल्याणकारी योजनाओं की दी जानकारी

मीडिया एवं संचार अधिकारी राजेश कुमार सिन्हा ने केंद्र सरकार के पिछले 12 वर्षों की प्रमुख उपलब्धियों और विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने योजनाओं के सामाजिक प्रभाव और आम लोगों को मिलने वाले लाभों पर भी प्रकाश डाला।

किसानों के लिए आधुनिक तकनीक और वैज्ञानिक खेती पर जोर

तकनीकी सत्र में झारखंड दूरदर्शन समाचार इकाई के प्रमुख एवं सहायक निदेशक दिवाकर कुमार ने ड्रोन दीदी योजना, मृदा स्वास्थ्य कार्ड और आधुनिक कृषि तकनीकों को किसानों के लिए उपयोगी बताते हुए इनके लाभों की जानकारी दी।वहीं, कृषि विज्ञान केंद्र, पूर्वी सिंहभूम के वरिष्ठ वैज्ञानिक सुरेंद्र सिंह मुंडा ने वैज्ञानिक खेती, आधुनिक तकनीकों और नवाचार के माध्यम से किसानों की आय बढ़ाने के उपायों पर विस्तार से चर्चा की।

पत्रकार कल्याण योजनाओं और विकसित भारत-2047 पर भी हुई चर्चा

कार्यक्रम में पीआईबी रांची के कार्यालय प्रमुख गौरव कुमार पुष्कर ने पत्रकार कल्याण योजनाओं की जानकारी साझा की। वहीं पद्मश्री एवं वरिष्ठ पत्रकार बलबीर दत्त ने विकसित भारत-2047 के लक्ष्य को प्राप्त करने में जिम्मेदार, सकारात्मक और तथ्यपरक पत्रकारिता की आवश्यकता पर जोर दिया।इस अवसर पर जिला जनसंपर्क पदाधिकारी पंचानन उरांव ने भी अपने विचार रखे।

प्रश्नोत्तर सत्र और धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ समापन

कार्यक्रम के अंत में प्रश्नोत्तर सत्र आयोजित किया गया, जिसमें पत्रकारों ने विभिन्न विषयों पर विशेषज्ञों से संवाद किया। इसके बाद धन्यवाद ज्ञापन के साथ कार्यशाला का समापन हुआ। इस दौरान पीआईबी की यंग प्रोफेशनल शिवानी कुमारी केसरी ने पीआईबी की कार्यप्रणाली और उसकी गतिविधियों पर प्रस्तुति भी दी।

More From Author

धनबाद के निरसा विधायक अरूप चटर्जी को गैंगस्टर प्रिंस खान के नाम पर रंगदारी की धमकी, पुलिस जांच में जुटी

गिरिडीह में रास्ता विवाद में दो पक्षों में खूनी झड़प; एक दर्जन घायल, दो की हालत गंभीर