जमशेदपुर में चेन स्नैचिंग के बाद पुलिस पर फायरिंग, एसएसपी पीयूष पांडे ने पूरे घटनाक्रम का किया खुलासा

जमशेदपुर: टेल्को क्षेत्र में महिला से चेन छीनतई के बाद गिरफ्तार अपराधियों द्वारा पुलिस पर फायरिंग किए जाने के मामले में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पियूष पांडेय ने मंगलवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी। उन्होंने स्पष्ट किया कि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों अपराधियों को गिरफ्तार किया, लेकिन कार्रवाई के दौरान मुख्य आरोपी हरपाल सिंह उर्फ ‘डब्ल्यू’ ने दो बार पुलिस पर फायरिंग की।

टेल्को में महिला से चेन छीनकर फरार हुए थे अपराधी

एसएसपी ने बताया कि सोमवार शाम टेल्को थाना क्षेत्र में एक महिला से दो अपराधियों द्वारा सोने की चेन छीनने की सूचना मिली थी। घटना की जानकारी वायरलेस के माध्यम से शहर के सभी थानों को दी गई थी।इसी दौरान सिदगोड़ा थाना की गश्ती टीम को वायरलेस में बताए गए हुलिया और बाइक से मिलते-जुलते संदिग्ध दिखाई दिए, जिसके बाद पुलिस ने उनका पीछा शुरू किया।

सूर्य मंदिर और जैप -6 परिसर के पास हुई पहली फायरिंग

पीछा करते हुए पुलिस टीम सिदगोड़ा स्थित सूर्य मंदिर और जैप -6 परिसर के समीप पहुंची। पुलिस जब दोनों अपराधियों को पकड़ने का प्रयास कर रही थी, तभी आरोपी हरपाल सिंह उर्फ डब्ल्यू ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी।एसएसपी के अनुसार, पुलिस ने संयम और रक्षात्मक कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को काबू में कर लिया। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने छीनतई की गई चेन और अन्य सामान को छिपाकर रखने की जानकारी दी।

बरामदगी के दौरान पुलिस अधिकारी की पिस्तौल छीन ली

गिरफ्तारी के बाद देर रात पुलिस दोनों आरोपियों को उनके बताए गए स्थान पर बरामदगी के लिए लेकर गई। इसी दौरान आरोपी हरपाल सिंह ने मौका देखकर एक पुलिस अधिकारी को धक्का दे दिया और उसकी सरकारी पिस्तौल छीन ली।पिस्तौल छीनने के बाद आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी, जिससे वहां अफरा-तफरी की स्थिति उत्पन्न हो गई।

जवाबी कार्रवाई में पैर में लगी दो गोलियां

एसएसपी पीयूष पांडे ने बताया कि आत्मरक्षा और स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की। इस दौरान चलाई गई गोली हरपाल सिंह के पैर में लगी।उन्होंने बताया कि आरोपी के बाएं पैर में दो गोलियां लगीं, जिसके बाद उसे घायल अवस्था में गिरफ्तार कर तत्काल इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया। फिलहाल उसका इलाज जारी है।

कई अन्य अपराधों में भी संलिप्तता स्वीकार

एसएसपी ने बताया कि गिरफ्तार दोनों अपराधियों ने पूछताछ के दौरान कुछ अन्य अपराधियों के नाम भी बताए हैं। साथ ही उन्होंने शहर के विभिन्न थाना क्षेत्रों में हुई कई छीनतई की घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है।पुलिस अब उनके द्वारा बताए गए अन्य सहयोगियों की तलाश में छापेमारी कर रही है और पूरे नेटवर्क की जांच की जा रही है।

भविष्य में सुरक्षा व्यवस्था और मजबूत होगी

शहर में अपराधियों द्वारा पुलिस पर फायरिंग की घटना को गंभीर बताते हुए एसएसपी ने कहा कि भविष्य में बरामदगी और छापेमारी जैसी कार्रवाइयों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया जाएगा।उन्होंने कहा कि पुलिस इस घटना से सबक लेते हुए ऐसे मामलों में अतिरिक्त सतर्कता बरतेगी ताकि भविष्य में इस तरह की पुनरावृत्ति न हो।

More From Author

जमशेदपुर: टिनप्लेट अस्पताल में 25 वर्षों से कार्यरत कर्मचारियों को हटाया; डीएलसी कोर्ट के आदेश की अवहेलना का आरोप, टीएमएच गेट पर अनिश्चितकालीन धरने की चेतावनी

चांडिल: गैलेक्सी इंगोट प्लांट में भीषण धमाका, दो मजदूर गंभीर रूप से झुलसे

Recent News