मणिपाल टाटा मेडिकल कॉलेज में झारखंड के छात्रों के लिए सीटें बढ़ाने का प्रस्ताव, स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी ने दिया सकारात्मक आश्वासन

जमशेदपुर: झामुमो के केंद्रीय प्रवक्ता सह पूर्व विधायक कुणाल षाड़ंगी ने झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी से मुलाकात कर चिकित्सा शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं से जुड़े दो महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की। इस दौरान जमशेदपुर स्थित मणिपाल टाटा मेडिकल कॉलेज में झारखंड के विद्यार्थियों के लिए मेडिकल सीटों की संख्या बढ़ाने और पोस्टमार्टम की सुविधा उपलब्ध कराने का आग्रह किया गया।

मेडिकल सीटों की संख्या 25 से बढ़ाकर 50 करने की मांग

मणिपाल एजुकेशन एंड मेडिकल ग्रुप के प्रेसिडेंट सोमनाथ दास की मौजूदगी में कुणाल षाड़ंगी ने झारखंड के विद्यार्थियों के हित में मणिपाल टाटा मेडिकल कॉलेज में मेडिकल सीटों की संख्या बढ़ाने का प्रस्ताव रखा।उन्होंने मांग की कि झारखंड के बच्चों के लिए निर्धारित मेडिकल सीटों की संख्या 25 से बढ़ाकर 50 की जाए। कुणाल षाड़ंगी का कहना है कि सीटों में वृद्धि होने से राज्य के विद्यार्थियों को चिकित्सा शिक्षा हासिल करने के अधिक अवसर मिलेंगे और स्थानीय प्रतिभाओं को इसका लाभ मिलेगा।

10 सामान्य और 15 आरक्षित वर्ग की सीटें

मणिपाल एजुकेशन एंड मेडिकल ग्रुप के प्रेसिडेंट सोमनाथ दास ने बताया कि वर्तमान में झारखंड के विद्यार्थियों के लिए कुल 25 सीटें निर्धारित हैं। इनमें 10 सीटें सामान्य वर्ग और 15 सीटें आरक्षित वर्ग के विद्यार्थियों के लिए हैं।प्रस्ताव के अनुसार सीटों की संख्या बढ़ाकर 50 किए जाने पर 20 सीटें सामान्य वर्ग और 30 सीटें आरक्षित वर्ग के विद्यार्थियों के लिए निर्धारित की जाएंगी।उन्होंने बताया कि सीटों की संख्या बढ़ाने की प्रक्रिया जल्द शुरू की जाएगी।

मणिपाल टाटा मेडिकल कॉलेज में पोस्टमार्टम सुविधा की मांग

बैठक के दौरान जमशेदपुर स्थित मणिपाल टाटा मेडिकल कॉलेज में पोस्टमार्टम की सुविधा उपलब्ध कराने का आग्रह भी किया गया।वर्तमान में जमशेदपुर में पोस्टमार्टम के लिए मुख्य रूप से एमजीएम मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल पर निर्भरता है। कई बार अधिक दबाव के कारण पोस्टमार्टम की प्रक्रिया में देरी होती है, जिससे मृतकों के परिजनों को परेशानी का सामना करना पड़ता है।मणिपाल अस्पताल में पोस्टमार्टम की सुविधा शुरू होने से एमजीएम पर दबाव कम करने और पोस्टमार्टम प्रक्रिया को अधिक सुचारु बनाने में मदद मिलने की उम्मीद है।

स्वास्थ्य मंत्री ने दिया सकारात्मक आश्वासन

स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने दोनों मांगों पर सकारात्मक रुख दिखाते हुए आश्वासन दिया कि आगामी सत्र में दोनों प्रस्तावों को पारित कराने की दिशा में आवश्यक पहल की जाएगी।इससे झारखंड के विद्यार्थियों के लिए चिकित्सा शिक्षा के अवसर बढ़ने के साथ जमशेदपुर की स्वास्थ्य सेवाओं को भी मजबूती मिलने की उम्मीद है।

चिकित्सा शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करने पर जोर

कुणाल षाड़ंगी ने कहा कि झारखंड के बच्चों को बेहतर चिकित्सा शिक्षा के अवसर उपलब्ध कराना जरूरी है। इसके साथ ही जमशेदपुर में स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार भी समय की आवश्यकता है।उन्होंने कहा कि मेडिकल सीटों में वृद्धि और पोस्टमार्टम सुविधा शुरू होने से विद्यार्थियों तथा आम लोगों दोनों को लाभ मिलेगा।

More From Author

जमशेदपुर : मॉर्निंग वॉक पर निकली महिला से चेन छिनतई, बाइक सवार बदमाश फरार; सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस

आदित्यपुर में 20 दिनों से ठप सफाई व्यवस्था पर पार्षद का फूटा गुस्सा,वार्ड 17 की पार्षद नीतू शर्मा ने निगम कार्यालय पहुंचकर जताया विरोध