सरायकेला-खरसावां जिले के कांड्रा थाना क्षेत्र में छह दिनों से लापता दो युवकों राहुल हांसदा और तपन प्रधान के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पूछताछ के लिए हिरासत में लिए गए दो संदिग्धों की निशानदेही पर पुलिस ने रपचा जंगल से दोनों युवकों के शव बरामद किए हैं।


13 अगस्त से लापता थे दोनों युवक
जानकारी के अनुसार, पिंडाबेड़ा निवासी राहुल हांसदा और खरखावां निवासी तपन प्रधान 13 अगस्त से लापता थे। परिजनों ने शुरू से ही दोनों के अपहरण और अनहोनी की आशंका जताते हुए पुलिस से कार्रवाई की मांग की थी।मामले की जांच के दौरान पुलिस ने रविन्द्र मार्डी और फूलचंद हांसदा को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में मिले महत्वपूर्ण सुराग के आधार पर पुलिस टीम रपचा जंगल पहुंची।
संदिग्धों की निशानदेही पर जमीन खोदकर निकाले गए शव
मजिस्ट्रेट सह अंचल निरीक्षक बलवंत सिंह की मौजूदगी में पुलिस ने बताए गए स्थान पर जमीन की खुदाई कराई। इस दौरान दोनों लापता युवकों के शव बरामद किए गए।शव बरामदगी के दौरान एसडीपीओ अभिनव भारद्वाज, कांड्रा थाना प्रभारी सह इंस्पेक्टर विनोद कुमार मुर्मू समेत अन्य पुलिस अधिकारी मौजूद थे। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
धातकीडीह स्कूल परिसर से हुई थी दोनों युवकों की कथित पिटाई
बताया जाता है कि 13 अगस्त की रात करीब आठ बजे राहुल हांसदा और तपन प्रधान धातकीडीह स्कूल परिसर में बैठे हुए थे। प्रत्यक्षदर्शी सूरज हांसदा के अनुसार, उसी दौरान कुछ लोग वहां पहुंचे और उनके साथ मारपीट की।इसके बाद तीनों को कार से गम्हरिया की ओर ले जाने की बात सामने आई थी। सूरज हांसदा किसी तरह वहां से भागने में सफल रहा, लेकिन राहुल हांसदा और तपन प्रधान का इसके बाद कोई पता नहीं चल पाया था।
इलाके में फैली सनसनी, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
दोनों युवकों के शव मिलने की खबर फैलते ही पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। वहीं, मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।पुलिस अब पूरे घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ने में जुटी है। अधिकारियों के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और आगे की जांच के बाद दोनों युवकों की मौत के कारणों, हत्या के पीछे की वजह और घटना में शामिल अन्य लोगों की भूमिका का खुलासा हो सकेगा।
