जलियांवाला बाग एक्सप्रेस रद्द करने के फैसले का विरोध, एजीएम से मिले सतबीर सिंह सूमो

जमशेदपुर: टाटा-अमृतसर के बीच चलने वाली जलियांवाला बाग एक्सप्रेस (18103/18104) को कोहरे के मौसम में रद्द रखने के रेलवे के फैसले के विरोध में सोमवार को सतबीर सिंह सूमो ने टाटानगर रेलवे स्टेशन पर दक्षिण पूर्व रेलवे के अपर महाप्रबंधक मनीष कुमार जैन से मुलाकात की। उन्होंने जमशेदपुर और पूरे कोल्हान के रेल यात्रियों की परेशानियों और इस फैसले को लेकर उठ रही मांगों को उनके सामने रखा।दक्षिण पूर्व रेलवे के निर्णय के अनुसार 18103 टाटानगर-अमृतसर एक्सप्रेस 2 दिसंबर 2026 से 24 फरवरी 2027 तक, जबकि 18104 अमृतसर-टाटानगर एक्सप्रेस 4 दिसंबर 2026 से 26 फरवरी 2027 तक रद्द रहेगी।

रेल मंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन

सतबीर सिंह सूमो ने रेल मंत्री, भारत सरकार के नाम ज्ञापन सौंपते हुए दोनों दिशाओं की ट्रेन को रद्द करने के फैसले पर पुनर्विचार करने की मांग की। उन्होंने कहा कि कोहरे के दौरान यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए, लेकिन आधुनिक सुरक्षा तकनीक, नियंत्रित गति और आवश्यक सावधानियों के साथ ट्रेन का परिचालन जारी रखने की संभावना पर भी विचार किया जाना चाहिए।उन्होंने कहा कि जलियांवाला बाग एक्सप्रेस जमशेदपुर और देश के कई महत्वपूर्ण शहरों के बीच यात्रियों को जोड़ने वाली प्रमुख रेल सेवा है।

धार्मिक और सामाजिक यात्राओं के लिए महत्वपूर्ण ट्रेन

सतबीर सिंह सूमो ने कहा कि यह ट्रेन लखनऊ, अयोध्या, बरेली, ऋषिकेश और अमृतसर जैसे शहरों और धार्मिक-ऐतिहासिक स्थलों तक पहुंचने वाले यात्रियों के लिए महत्वपूर्ण है। विशेष रूप से श्री हरमंदिर साहिब, जलियांवाला बाग, अयोध्या और ऋषिकेश जाने वाले श्रद्धालु इस रेल सेवा का इस्तेमाल करते हैं।उन्होंने कहा कि ट्रेन के लंबे समय तक रद्द रहने से धार्मिक यात्राओं के अलावा सामाजिक, पारिवारिक और व्यावसायिक यात्राएं करने वाले यात्रियों को भी वैकल्पिक साधनों पर निर्भर रहना पड़ सकता है।

फॉग-सेफ तकनीक के इस्तेमाल की मांग

सूमो ने कहा कि रेलवे आधुनिक सिग्नलिंग, संचार व्यवस्था और फॉग-सेफ तकनीक का इस्तेमाल कर कोहरे के दौरान परिचालन को सुरक्षित बनाने की दिशा में काम कर सकता है। उन्होंने मांग की कि आवश्यकता होने पर ट्रेन की गति नियंत्रित की जाए और अतिरिक्त सुरक्षा उपाय अपनाये जाएं, लेकिन महत्वपूर्ण यात्री सेवा को पूरी तरह बंद करने के बजाय सुरक्षित परिचालन का विकल्प तलाशा जाए।उन्होंने रेल प्रशासन से यात्रियों की सुरक्षा और रेल सेवा की निरंतरता के बीच संतुलन बनाते हुए समाधान निकालने का आग्रह किया।

सिख समाज और सामाजिक प्रतिनिधियों ने किया समर्थन

इस मौके पर चंचल भाटिया, जसवंत सिंह, कर्मजीत सिंह कमें, कुलवंत सिंह, कुलवंत सिंह कांटे, हैप्पी सिंह, सतनाम सिंह खुशीपुर और हरदीप सिंह समेत भाजपा से जुड़े सिख समाज के कई नेता और सामाजिक प्रतिनिधि मौजूद रहे।सभी ने जलियांवाला बाग एक्सप्रेस का परिचालन बंद नहीं करने और यात्रियों के हित में ट्रेन सेवा जारी रखने की मांग का समर्थन किया।प्रतिनिधियों ने कहा कि उनकी प्रमुख मांगों में 18103/18104 के रद्दीकरण के फैसले पर पुनर्विचार, कोहरे के दौरान आधुनिक सुरक्षा तकनीक और नियंत्रित गति का इस्तेमाल तथा यात्रियों की सुरक्षा के साथ रेल सेवा की निरंतरता सुनिश्चित करना शामिल है।

More From Author

मानगो पुल पर महिला बच्चे सहित साथ नदी में कूदने की कोशिश , राहगीरों ने महिला को बचाया

दुर्गापूजा को लेकर सरायकेला पुलिस अलर्ट, एसपी ने आदित्यपुर में सुरक्षा और ट्रैफिक व्यवस्था का लिया जायजा