Views: 2
जमशेदपुर: लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा को लेकर टाटानगर रेलवे स्टेशन पर रेलवे प्रशासन ने व्यापक तैयारियां की हैं। छठ के दौरान यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए टाटानगर से बिहार, उत्तर प्रदेश और अन्य राज्यों के लिए तीन छठ स्पेशल ट्रेनें चलाई जा रही हैं। इसके अलावा कई सुपरफास्ट एक्सप्रेस ट्रेनों में अतिरिक्त बोगियां भी लगाई गई हैं, ताकि यात्रियों को त्योहार के दौरान आने-जाने में परेशानी न हो।
यात्रियों की सुविधा के लिए स्टेशन के पास टेंट और कुर्सियों की व्यवस्था
रेलवे प्रशासन ने भीड़ को नियंत्रित करने और यात्रियों को राहत देने के लिए टाटानगर रेलवे स्टेशन के पास विशेष इंतजाम किए हैं। यहां 1000 से अधिक कुर्सियां लगाई गई हैं और टेंट की व्यवस्था की गई है। इससे ट्रेन का इंतजार करने वाले यात्री बैठकर आराम कर सकेंगे।
डीआरएम ने अधिकारियों के साथ की बैठक
छठ पूजा को लेकर डीआरएम तरुण हुरिया ने रेलवे विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की। बैठक में यात्रियों को उपलब्ध कराई जाने वाली सुविधाओं और भीड़ को देखते हुए किए गए इंतजामों की जानकारी ली गई। रेलवे प्रशासन का प्रयास है कि छठ के दौरान यात्रियों को सुरक्षित और सुविधाजनक यात्रा का अनुभव मिले।डीआरएम तरुण हुरिया के अनुसार, छठ पूजा के मद्देनजर यात्रियों की सुविधा के लिए विशेष ट्रेनों, अतिरिक्त बोगियों और स्टेशन परिसर के पास बैठने की व्यवस्था की गई है।
