जमशेदपुर। मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान को लेकर पूर्वी सिंहभूम जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में शुक्रवार को जिला मुख्यालय से जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। उपायुक्त सह जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने अभियान की शुरुआत करते हुए कहा कि इसका उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों को मतदाता सूची पुनरीक्षण प्रक्रिया की जानकारी देना तथा छूटे हुए पात्र मतदाताओं का नाम सूची में शामिल कराना है।
जागरूकता रथ के माध्यम से लोगों को दी जाएगी जानकारी
जागरूकता रथ जिले के विभिन्न शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में भ्रमण कर मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान के संबंध में लोगों को जागरूक करेगा। रथ के माध्यम से नागरिकों को नाम जोड़ने, संशोधन कराने तथा अन्य निर्वाचन संबंधी प्रक्रियाओं की जानकारी दी जाएगी।
30 जून से शुरू होगी वोटर मैपिंग
उपायुक्त ने बताया कि झारखंड में मतदाता सूची पुनरीक्षण एवं वोटर मैपिंग की प्रक्रिया 30 जून से शुरू होगी। इसके बाद विशेष अभियान चलाकर पात्र नागरिकों के नाम मतदाता सूची में जोड़ने, त्रुटियों को सुधारने और अन्य आवश्यक अद्यतन कार्य किए जाएंगे।उन्होंने कहा कि 7 अक्टूबर को अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन किया जाएगा।
2003 की मतदाता सूची को बनाया गया आधार
उपायुक्त ने बताया कि मतदाता सूची पुनरीक्षण प्रक्रिया को लेकर विभिन्न प्रकार की चर्चाएं चल रही हैं, लेकिन प्रशासन का उद्देश्य मतदाता सूची को अधिक सटीक, पारदर्शी और अद्यतन बनाना है।उन्होंने कहा कि इस प्रक्रिया के लिए वर्ष 2003 की मतदाता सूची को आधार बनाया गया है। यदि किसी व्यक्ति का नाम वर्ष 2003 की सूची में नहीं है, तो वह निर्धारित 12 प्रकार के वैध दस्तावेजों में से आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत कर अपने संबंधित बीएलओ के माध्यम से मतदाता सूची में नाम दर्ज करा सकता है।
घर-घर जाकर सत्यापन करेंगे बीएलओ
जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने बताया कि अगले एक माह तक बूथ लेवल ऑफिसर (बीएलओ) घर-घर जाकर वोटर मैपिंग और सत्यापन का कार्य करेंगे। इस दौरान नागरिकों से आवश्यक जानकारी एकत्र की जाएगी तथा पात्र मतदाताओं का सत्यापन किया जाएगा।उन्होंने लोगों से अपील की कि वे बीएलओ को आवश्यक सहयोग प्रदान करें और यह सुनिश्चित करें कि परिवार के सभी पात्र सदस्यों का नाम मतदाता सूची में शामिल हो।
कोई भी पात्र मतदाता सूची से वंचित न रहे: प्रशासन
जिला प्रशासन का लक्ष्य है कि जिले का कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची से वंचित न रहे। इसके लिए व्यापक स्तर पर जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है ताकि अधिक से अधिक लोग लोकतांत्रिक प्रक्रिया में अपनी भागीदारी सुनिश्चित कर सकें।
