पोटका : पीएम श्री कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय, पोटका में गुरुवार को शिक्षा विभाग पूर्वी सिंहभूम, पिरामल फाउंडेशन और पंचायती राज विभाग के संयुक्त तत्वावधान में ‘मॉडल युवा ग्राम सभा’ का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कक्षा 9वीं से 12वीं तक की छात्राओं ने ग्राम सभा की कार्यप्रणाली, उसके अधिकार और ग्रामीण विकास में इसकी अहमियत पर आधारित एक बेहद प्रभावी नाटक प्रस्तुत किया।कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ मुख्य अतिथि पोटका के विधायक संजीव सरदार ने किया।
“छात्राओं में अद्भुत टैलेंट, शिक्षिकाओं का मार्गदर्शन सराहनीय” — विधायक संजीव सरदार
छात्राओं के अभिनय और आत्मविश्वास को देखकर क्षेत्रीय विधायक संजीव सरदार काफी प्रभावित नजर आए। विधायक संजीव सरदार ने कहा कि कस्तूरबा की बालिकाओं में असाधारण प्रतिभा है। जिस तरह से उन्होंने ग्राम सभा की जटिल प्रशासनिक प्रक्रियाओं को नाटक के जरिए आसान और जीवंत रूप में पेश किया, वह काबिल-ए-तारीफ है।उन्होंने इसका श्रेय विद्यालय की वार्डन रुमा हालदार और पूरी शिक्षक टीम को देते हुए कहा कि पढ़ाई के साथ-साथ छात्राओं के सर्वांगीण विकास के लिए किया जा रहा यह प्रयास अनुकरणीय है।
ग्राम सभा की सीख को घर-गांव तक पहुंचाएं बालिकाएं
छात्राओं का मार्गदर्शन करते हुए विधायक संजीव सरदार ने पंचायती राज व्यवस्था में युवा भागीदारी पर जोर दिया। विधायक ने बालिकाओं का आह्वान किया कि वे नाटक से सीखी गई बातों को केवल स्कूल परिसर तक सीमित न रखें, बल्कि अपने-अपने गांवों में जाकर लोगों को ग्राम सभा के अधिकार और उसमें अपनी उपस्थिति दर्ज कराने के प्रति जागरूक करें। उन्होंने कहा कि सरकारी योजनाओं का सही लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे, इसमें ग्राम सभा की मुख्य भूमिका होती है। छात्राएं लक्ष्य तय कर निरंतर आगे बढ़ें और समाज को दिशा दें।
छात्राओं में नेतृत्व क्षमता विकसित करना ही मुख्य उद्देश्य: वार्डन
कार्यक्रम की सफलता पर बात करते हुए विद्यालय की वार्डन रुमा हालदार ने बताया कि मॉडल युवा ग्राम सभा का मुख्य ध्येय बालिकाओं में नेतृत्व , लोकतांत्रिक प्रक्रिया की समझ और सामाजिक समस्याओं के समाधान की सोच विकसित करना है।कार्यक्रम का संचालन शिक्षक डोबो चाकिया ने किया।
ये लोग रहे मौजूद
इस विशेष मौके पर पंचायत की मुखिया सावित्री हांसदा, ग्राम प्रधान सुरजीत सरदार, पर्यवेक्षक जयश्री बोयपाई, अक्षत रिशु, शंकर हेंब्रम, रामचंद्र मार्डी, शिक्षिका ज्योति सागर, वीणा धनवार, मोहन सोरेन समेत बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित थीं।
