जमशेदपुर: पवित्र श्रावण मास की चौथी सोमवारी के अवसर पर आगामी 24 अगस्त 2026 को जंबू अखाड़ा की ओर से पंचम भव्य जलाभिषेक यात्रा एवं कलश यात्रा निकाली जाएगी। आयोजन में 5001 महिला श्रद्धालु शामिल होकर जंबू अखाड़ा स्थित बाबा लिंगेश्वरनाथ महादेव का जलाभिषेक करेंगी।जंबू अखाड़ा के संरक्षक बंटी सिंह ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कार्यक्रम की जानकारी देते हुए बताया कि हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी श्रावण की चौथी सोमवारी पर भव्य जलाभिषेक यात्रा का आयोजन किया जा रहा है।


शहर के विभिन्न इलाकों से पहुंचेंगी 5001 महिलाएं
आयोजकों के अनुसार भुइंयाडीह, नंद नगर, छायानगर, कल्याण नगर, निर्मल नगर, बागुन्हातू, बारिडीह, बिरसानगर, जुगसलाई, नामदा बस्ती, केबुल टाउन, सीतारामडेरा, भालूबासा, बागान एरिया, बर्मामाइंस, परसुडीह, टेल्को, सोनारी और बागबेड़ा सहित शहर के विभिन्न क्षेत्रों से महिलाएं बसों के माध्यम से सुबह करीब 7 बजे जंबू अखाड़ा मंदिर परिसर पहुंचेंगी।मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं को कलश, पुष्प और बेलपत्र उपलब्ध कराया जाएगा। इसके बाद सभी महिलाओं को बसों के माध्यम से स्वर्णरेखा नदी घाट ले जाया जाएगा।
स्वर्णरेखा घाट से शुरू होगी जलाभिषेक यात्रा
स्वर्णरेखा घाट पर महिलाएं कलश में जल भरकर संकल्प लेंगी। इसके बाद यात्रा मानगो बस स्टैंड गोलचक्कर, एमजीएम अस्पताल, बाराद्वारी, अपेक्स अस्पताल और कुम्हारपाड़ा होते हुए वापस भालूबासा स्थित मंदिर परिसर पहुंचेगी।यात्रा में डंका-बाजा, सिंग-बाजा, अनाउंसिंग वाहन, डीजे वाहन और झांकी वाहन शामिल रहेंगे। झांकी में भगवान शिव का अर्धनारीश्वर स्वरूप, भगवान श्रीराम द्वारा रामेश्वरम में पूजन तथा भस्म आरती की प्रस्तुति आकर्षण का केंद्र रहेगी।इसके अलावा अलग वाहन में जमशेदपुर की प्रसिद्ध भजन गायिका द्वारा शिव भजनों की प्रस्तुति की जाएगी।
बाबा लिंगेश्वरनाथ पर अर्पित किया जाएगा जल
जलाभिषेक यात्रा के मंदिर पहुंचने के बाद सभी कलशधारी महिलाएं बाबा लिंगेश्वरनाथ महादेव पर जल अर्पित करेंगी। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए मंदिर कमेटी की ओर से विशेष अरघा व्यवस्था की गई है।जलाभिषेक के बाद श्रद्धालुओं के लिए अल्पाहार, फलाहार और पैकिंग प्रसाद की व्यवस्था की गई है। इसके साथ ही शुद्ध पेयजल, शरबत और चाय की भी व्यवस्था रहेगी।
सुरक्षा और प्राथमिक उपचार की भी व्यवस्था
आयोजकों ने बताया कि बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की मौजूदगी को देखते हुए यात्रा में प्राथमिक उपचार की व्यवस्था भी रहेगी। डॉ. जेके शर्मा यात्रा के दौरान मौजूद रहेंगे। साथ ही फर्स्ट एड बॉक्स और अग्निशमन यंत्र भी साथ रखे जाएंगे।कार्यक्रम में शहर के गणमान्य नागरिकों, समाजसेवियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं के भी शामिल होने की बात कही गई है।
आयोजन में ये लोग रहे मौजूद
प्रेस कॉन्फ्रेंस में जंबू अखाड़ा के संरक्षक बंटी सिंह, लाइसेंसी रणबीर मंडल, अध्यक्ष बृज किशोर, अभिजीत घोष, गौतम धर, संजय गुप्ता, संजय हजारी, जगजीत सिंह सोनू, गोविंद सिंह चंदेल, विपुल पांडेय समेत अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।
