सिदगोड़ा में शराब दुकान का ताला तोड़कर चोरी, 60 हजार नकद और शराब की पेटियां ले गए चोर

जमशेदपुर। सिदगोड़ा थाना क्षेत्र के जाहेरटोला स्थित दुकान नंबर-2 में देर रात चोरों ने शराब दुकान को निशाना बनाया। चोर दुकान से करीब 60 हजार रुपये नकद, शराब की कई पेटियां और सीसीटीवी कैमरे का डीवीआर लेकर फरार हो गए। घटना के बाद आसपास के दुकानदारों में चिंता का माहौल है।

डीवीआर भी साथ ले गए चोर

जानकारी के अनुसार, देर रात चोर दुकान में घुसे और चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोरों ने नकदी और शराब के अलावा दुकान में लगे सीसीटीवी सिस्टम का डीवीआर भी निकाल लिया और अपने साथ ले गए।डीवीआर चोरी होने से दुकान के अंदर हुई वारदात की सीसीटीवी फुटेज पुलिस को नहीं मिल सकी है। ऐसे में आरोपियों की पहचान करना पुलिस के लिए चुनौती बन गया है।

सुबह कर्मचारियों को मिली चोरी की जानकारी

सुबह जब कर्मचारी दुकान खोलने पहुंचे तो उन्हें चोरी की जानकारी हुई। इसके बाद तत्काल सिदगोड़ा थाना पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया।

आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही पुलिस

पुलिस अब आसपास के इलाकों में लगे दूसरे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि दुकान के आसपास संदिग्ध गतिविधियों और आरोपियों की पहचान की जा सके।इसके अलावा पुलिस चोरी गए सामान और नकदी की बरामदगी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। फिलहाल चोरों की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है और पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

More From Author

गोलमुरी के नामदाबस्ती में नाले से अज्ञात व्यक्ति का शव बरामद, इलाके में मची सनसनी

स्वतंत्रता दिवस पर जमशेदपुर पुलिस और ग्रामीण पुलिस के बीच मैत्री फुटबॉल मैच, 3-0 से जीती जिला पुलिस