जमशेदपुर: जुगसलाई थाना क्षेत्र के घोड़ा चौक स्थित प्लाईवुड दुकान में हुई चोरी का पुलिस ने खुलासा करने का दावा किया है। मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनकी निशानदेही पर चोरी गए दो लैपटॉप, 19 हजार रुपये नकद, चार मोबाइल फोन समेत अन्य सामान बरामद किया गया है। घटना में इस्तेमाल एक स्कूटी और एक मोटरसाइकिल भी पुलिस ने जब्त की है।शुक्रवार को लॉ एंड ऑर्डर डीएसपी सुमित कुमार ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर मामले की जानकारी दी।
ग्रिल और शीशा तोड़कर दुकान में घुसे थे चोर
पुलिस के अनुसार, घोड़ा चौक, स्टेशन रोड निवासी सुमित मल्लिक ने 21 सितंबर को जुगसलाई थाना में चोरी की शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के मुताबिक 20-21 सितंबर की रात अज्ञात चोर दुकान का ग्रिल और शीशा तोड़कर अंदर घुसे और सामान चोरी कर फरार हो गए।मामले की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर नगर पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन और विधि-व्यवस्था डीएसपी के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई।
सीसीटीवी और तकनीकी साक्ष्यों से आरोपियों तक पहुंची पुलिस
पुलिस के मुताबिक विशेष टीम ने दुकान और आसपास के इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। इसके साथ ही तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर संदिग्धों की पहचान की गई।जांच के दौरान मिले सुरागों के आधार पर पुलिस टीम ने 24 सितंबर को कपाली ओपी क्षेत्र में छापेमारी की और चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
चार आरोपी गिरफ्तार, एक अब भी फरार
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नूर मोहम्मद, दानिश हुसैन, शेख गनी इमाम उर्फ लकी और शहनवाज खान के रूप में हुई है।पुलिस के अनुसार, आरोपियों की निशानदेही पर एक गुलाबी रंग का बैग, लेनोवो और एसर कंपनी के दो लैपटॉप, 19 हजार रुपये नकद और चार एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। इसके अलावा घटना में कथित तौर पर इस्तेमाल एक स्कूटी और हीरो एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है।
नूर मोहम्मद के खिलाफ पहले से मामले दर्ज होने की जानकारी
पुलिस के अनुसार, आरोपी नूर मोहम्मद मूल रूप से उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले का रहने वाला है। पुलिस ने बताया कि उसके खिलाफ उत्तर प्रदेश के विभिन्न थानों में चोरी समेत अन्य धाराओं में पूर्व से मामले दर्ज होने की जानकारी मिली है।पुलिस उसके आपराधिक इतिहास का सत्यापन कर रही है।
एक आरोपी की तलाश में छापेमारी जारी
पुलिस के मुताबिक मामले में एक अन्य आरोपी अभी फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है।गिरफ्तार चारों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस चोरी की पूरी घटना में आरोपियों की भूमिका और अन्य संभावित कड़ियों की भी जांच कर रही है।
