नीमडीह: नीमडीह थाना क्षेत्र के उत्क्रमित मध्य विद्यालय, पितकी में बीती रात चोरों ने ताला तोड़कर चोरी की घटना को अंजाम दिया। चोर मिड-डे मील किचन से चावल की चार बोरी, दो गैस सिलेंडर और बर्तन चोरी कर ले गए। हालांकि, कार्यालय में रखे लैपटॉप, टैब और म्यूजिक सिस्टम को चोरों ने हाथ नहीं लगाया।चोरी की घटना के कारण गुरुवार को स्कूल के करीब 125 बच्चों के लिए मिड-डे मील प्रभावित हुआ।
सुबह स्कूल पहुंचने पर शिक्षिका ने देखा टूटा ताला
प्रतिदिन की तरह गुरुवार सुबह सहायक शिक्षिका ऑलिव धनवार स्कूल पहुंचीं। उन्होंने देखा कि स्कूल के मुख्य गेट, कार्यालय और किचन रूम के ताले टूटे हुए हैं। इसके बाद उन्होंने घटना की जानकारी स्कूल प्रबंधन को दी।सूचना मिलने पर ग्राम प्रधान सह विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष गौरी शंकर सिंह मौके पर पहुंचे। जांच के दौरान मुख्य गेट के पास एक गैस सिलेंडर बोरे में बंधा हुआ मिला। वहीं, कार्यालय में रखी तीनों अलमारियां खुली हुई थीं।
रात 2 से 3 बजे के बीच चोरी की आशंका
प्रधानाध्यापक शिवराम गोप ने बताया कि शुरुआती जानकारी के अनुसार चोरी की घटना रात करीब 2 से 3 बजे के बीच हुई होगी। घटना की लिखित सूचना विद्यालय प्रबंधन की ओर से अध्यक्ष गौरी शंकर सिंह, बीआरसी नीमडीह और नीमडीह थाना को दी गई है।स्कूल कार्यालय में रखे लैपटॉप, टैब और म्यूजिक सिस्टम को चोरों ने नहीं चुराया। इससे माना जा रहा है कि चोरों का मुख्य निशाना मिड-डे मील से जुड़ी सामग्री थी। हालांकि, चोरी के कारणों और घटना में शामिल लोगों की जानकारी जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।
पहले भी हो चुकी है चोरी, ग्रामीणों में नाराजगी
ग्रामीणों के अनुसार, पितकी गांव में पहले भी कई घरों में चोरी की घटनाएं हो चुकी हैं। ग्रामीणों ने बताया कि उत्क्रमित मध्य विद्यालय, पितकी में भी इससे पहले चोरी हो चुकी है और यह स्कूल में चोरी की दूसरी घटना है।ग्रामीणों ने स्कूल जैसे शैक्षणिक संस्थान को निशाना बनाए जाने पर चिंता जताई है। लोगों ने पुलिस से मामले की जांच कर चोरों का पता लगाने और स्कूल की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।
