जमशेदपुर में चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। शनिवार देर रात ओलीडीह थाना क्षेत्र के मानगो-डिमना रोड स्थित बाजार में चोरों ने बड़ी वारदात को अंजाम देते हुए करीब 10 से 12 दुकानों के ताले तोड़ दिए। बदमाश नकदी और कीमती सामान लेकर फरार हो गए। रविवार सुबह घटना की जानकारी मिलते ही पूरे बाजार में हड़कंप मच गया।
इन दुकानों में हुई चोरी
चोरों ने मुख्य रूप से किराना, मेडिकल और अन्य रोजमर्रा के सामान की दुकानों को निशाना बनाया। जिन दुकानों में चोरी की पुष्टि हुई है, उनमें शामिल हैं श्याम जनरल स्टोर,विष्णु भंडार,मां वैभव वैष्णो मेडिकल,मनोज केजरीवाल का हार्डवेयर दुकान,रामाज्ञा आटा चक्की,राधा कृष्ण ट्रेलर और शुभम स्टोर। इसके अलावा आसपास की कई अन्य दुकानों के ताले भी तोड़े गए या उन्हें तोड़ने का प्रयास किया गया।
नकदी और कीमती सामान लेकर फरार हुए बदमाश
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, चोर दुकानों के गल्ले में रखी नकदी, आवश्यक सामान और अन्य कीमती वस्तुएं लेकर फरार हो गए। फिलहाल दुकानदार अपने-अपने नुकसान का आकलन कर रहे हैं।
सुबह टूटी दुकानें देखकर उड़े होश
बताया जा रहा है कि देर रात सुनसान माहौल का फायदा उठाकर चोर बाजार पहुंचे। उन्होंने एक-एक कर दुकानों के शटर और ताले तोड़े और आराम से चोरी की वारदात को अंजाम दिया। रविवार सुबह जब दुकानदार दुकानें खोलने पहुंचे तो टूटे ताले, बिखरा सामान और खाली गल्ला देखकर उनके होश उड़ गए। घटना की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और व्यापारी मौके पर जुट गए।
पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगालने में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया तथा आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।
व्यापारियों में आक्रोश, सुरक्षा बढ़ाने की मांग
लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं से व्यापारियों में भारी नाराजगी और असुरक्षा का माहौल है। दुकानदारों ने पुलिस प्रशासन से रात में नियमित गश्त बढ़ाने, बाजार क्षेत्र में अतिरिक्त सुरक्षा व्यवस्था करने और चोरी की घटनाओं पर शीघ्र रोक लगाने की मांग की है।व्यापारियों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे।
