जमशेदपुर: सोनारी थाना क्षेत्र में हुई चेन स्नैचिंग की घटना में पुलिस ने फरार चल रहे तीसरे आरोपी रोहित कर्मकार उर्फ सिपुल को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने महिला से छीनी गई सोने की चेन भी बरामद कर ली है। पुलिस ने पूछताछ के बाद आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया।
31 जुलाई को महिला से छीनी गई थी सोने की चेन
जानकारी के अनुसार, 31 जुलाई को कदमा निवासी 58 वर्षीय अर्चना श्रीवास्तव ने सोनारी थाना में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने पुलिस को बताया था कि शाम करीब 4:30 बजे ए रोड सोनारी से अपने घर लौटने के दौरान एच रोड के पास पल्सर बाइक सवार दो युवकों ने उनके गले से सोने की चेन झपट ली।चेन छीनने के बाद दोनों आरोपी बाइक से कदमा की ओर भागने लगे। इसी दौरान उनकी बाइक एक छोटे हाथी वाहन से टकरा गई और दोनों सड़क पर गिर पड़े।
बाइक छोड़कर पैदल फरार हो गए थे आरोपी
हादसे के बाद दोनों आरोपी अपनी बाइक मौके पर ही छोड़कर पैदल फरार हो गए थे। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और आरोपियों की पहचान के लिए छानबीन तेज की।जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि वारदात में कुल तीन अपराधी शामिल थे।
तीसरा आरोपी पुलिस की गतिविधियों पर रख रहा था नजर
पुलिस के अनुसार, दो आरोपी बाइक पर सवार होकर चेन स्नैचिंग की घटना को अंजाम दे रहे थे, जबकि तीसरा आरोपी आसपास रहकर पुलिस और लोगों की गतिविधियों पर नजर रख रहा था।इस मामले में पुलिस ने पहले ही पंकज हरपाल और रोहित मुर्मू को गिरफ्तार कर लिया था। दोनों आरोपियों को 6 अगस्त को जेल भेज दिया गया था।
बिरसानगर से गिरफ्तार हुआ रोहित कर्मकार
मामले का तीसरा आरोपी रोहित कर्मकार उर्फ सिपुल लगातार फरार चल रहा था। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने उसे बिरसानगर थाना क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया।पूछताछ के दौरान आरोपी ने पुलिस के समक्ष घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। इसके बाद उसकी निशानदेही पर पुलिस ने बिरसानगर जोन नंबर-6 स्थित उसके घर पर छापेमारी की।
घर से बरामद हुई महिला की सोने की चेन
पुलिस ने आरोपी के घर से महिला से छीनी गई सोने की चेन बरामद कर ली। बरामदगी के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया।
आरोपी के खिलाफ पहले से दर्ज हैं कई मामले
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार रोहित कर्मकार की उम्र करीब 24 वर्ष है। उसके खिलाफ चेन स्नैचिंग, लूट और अन्य आपराधिक मामलों से जुड़े कई पुराने मामले दर्ज हैं।पुलिस अब मामले में अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।
