जमशेदपुर: जमशेदपुर शहर में टोटो (ई-रिक्शा) से सफर करने वाले आम यात्रियों की जेब पर अब अतिरिक्त बोझ पड़ने वाला है। आगामी 20 जून 2026 से शहर के तमाम रूटों पर टोटो के किराए में वृद्धि होने जा रही है। इसे लेकर भुइयांडीह स्थित दुर्गा पूजा मैदान में ‘शिक्षित बेरोजगार टोटो चालक संघ’ की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें सर्वसम्मिति से वर्तमान किराए में 5 रुपये की बढ़ोतरी करने का अंतिम निर्णय लिया गया।
5 साल बाद बदला किराया, चालकों ने गिनाया महंगाई का दर्द
संघ के पदाधिकारियों और टोटो चालकों ने बताया कि पिछले 5 वर्षों से शहर के किसी भी एक क्षेत्र से दूसरे क्षेत्र (रूट) का किराया महज 10 रुपये ही निर्धारित था। इस दौरान उन्होंने किराए में कोई बदलाव नहीं किया था, लेकिन अब परिस्थितियां बदल चुकी हैं। चालकों का कहना है कि पिछले पांच सालों में बिजली बिल, बच्चों के स्कूल की फीस, टोटो के ऑटो पार्ट्स, टायर-बैटरी के मूल्य और रोजमर्रा के राशन की कीमतों में बेतहाशा बढ़ोतरी हुई है। पुरानी दर (10 रुपये) पर टोटो चलाना अब घाटे का सौदा साबित हो रहा था, जिसके कारण अपने परिवारों का भरण-पोषण करने के लिए चालकों के पास किराया बढ़ाने के अलावा कोई दूसरा विकल्प नहीं बचा था।
कर्ज के बोझ तले दबे हैं चालक, रिक्शा छोड़कर अपनाया था टोटो
जमशेदपुर और इसके आस-पास के शहरी व ग्रामीण इलाकों में वर्तमान में लगभग 1,000 से अधिक टोटो का परिचालन होता है। इस व्यवसाय के पीछे एक बड़ा सामाजिक और आर्थिक पहलू भी जुड़ा हुआ है। टोटो चलाने वाले अधिकांश चालक पूर्व में हाथ से खींचने वाला पारंपरिक रिक्शा या ठेला चलाते थे। समय के बदलाव, ढलती उम्र और परिवार की बढ़ती जिम्मेदारियों को देखते हुए इन सभी ने भारी-भरकम ब्याज पर कर्ज (लोन) लेकर ई-रिक्शा (टोटो) खरीदा था।आज भी इन चालकों की कमाई का एक बड़ा हिस्सा टोटो की मासिक किस्त चुकाने और बैटरी चार्जिंग के भारी-भरकम बिजली बिल में चला जाता है।
20 जून से लागू होगी नई दरें, चालकों को सुधरने की उम्मीद
टोटो चालक संघ ने स्पष्ट किया है कि 20 जून से जो भी यात्री टोटो में सफर करेंगे, उन्हें हर रूट के पुराने निर्धारित भाड़े से 5 रुपये अतिरिक्त देने होंगे। चालकों को पूरी उम्मीद है कि इस आंशिक बढ़ोतरी से शहरवासियों पर बहुत ज्यादा जेब का बोझ नहीं पड़ेगा, लेकिन इससे मिलने वाले अतिरिक्त पैसे से टोटो चालकों को अपने कर्ज चुकाने और परिवार की आर्थिक स्थिति में सुधार करने में थोड़ी बहुत राहत जरूर मिल जाएगी। संघ ने इस फैसले पर शहर के आम नागरिकों से सहयोग की अपील की है।
