जमशेदपुर: लगातार हो रही बारिश के बीच नदियों का जलस्तर बढ़ने से हादसों का खतरा बढ़ गया है। इसी बीच सिदगोड़ा थाना क्षेत्र के बारीडीह बस्ती स्थित जिला स्कूल घाट के पास शुक्रवार देर रात बड़ा हादसा हो गया। ट्यूब के सहारे नदी में उतरे दो युवक तेज बहाव की चपेट में आकर लापता हो गए। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।लापता युवकों की पहचान अमित सिंह और अमित सिंह उर्फ बिट्टू के रूप में हुई है। घटना के बाद से दोनों की तलाश जारी है।
तेज बहाव में बह गए दोनों युवक
मिली जानकारी के अनुसार, दोनों युवक ट्यूब के सहारे नदी में उतरे थे। इसी दौरान नदी का बहाव अचानक तेज हो गया और दोनों युवक पानी की तेज धारा की चपेट में आ गए। देखते ही देखते दोनों लापता हो गए।घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग जिला स्कूल घाट पर जुट गए। परिजनों को भी घटना की जानकारी दी गई।
पुलिस और बचाव दल ने शुरू किया सर्च ऑपरेशन
सूचना मिलते ही सिदगोड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव अभियान शुरू कराया। पुलिस और बचाव दल नदी तथा आसपास के इलाकों में लगातार दोनों युवकों की तलाश कर रहे हैं।हालांकि, समाचार लिखे जाने तक दोनों युवकों का कोई सुराग नहीं मिल पाया था। नदी के तेज बहाव के कारण बचाव दल को खोज अभियान में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
पत्नी ने बताया- बाढ़ देखने की बात कहकर घर से निकला था अमित
लापता अमित सिंह की पत्नी ने बताया कि वह शुक्रवार रात करीब 10 बजे घर से यह कहकर निकले थे कि बाढ़ देखने जा रहे हैं। इसके बाद वह घर वापस नहीं लौटे। सुबह परिजनों को जानकारी मिली कि वह नदी में बह गए हैं।घटना की जानकारी मिलने के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार के लोग लगातार बचाव अभियान के नतीजे का इंतजार कर रहे हैं।
चंदा काटने के लिए निकला था अमित उर्फ बिट्टू
वहीं, अमित सिंह उर्फ बिट्टू की बहन के अनुसार, वह शुक्रवार शाम करीब 5 बजे दुर्गा पूजा का चंदा काटने के लिए घर से निकला था। इसके बाद से वह घर वापस नहीं आया।बाद में नदी में दो युवकों के लापता होने की जानकारी मिलने पर परिवार को घटना की आशंका हुई।
लगातार बारिश से बढ़ा है नदियों का जलस्तर
लगातार हो रही बारिश के कारण स्वर्णरेखा और खरकई समेत क्षेत्र की नदियों का जलस्तर बढ़ा हुआ है। नदी किनारे और निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को पहले से ही सतर्क रहने की सलाह दी जा रही है।प्रशासन की ओर से लोगों से अपील की गई है कि बारिश के दौरान नदी, घाट और जलभराव वाले क्षेत्रों से दूरी बनाए रखें और तेज बहाव वाले पानी में किसी भी परिस्थिति में न उतरें। फिलहाल परिजनों और स्थानीय लोगों की निगाहें बचाव अभियान पर टिकी हुई हैं। दोनों युवकों की तलाश के लिए अभियान जारी है।
