ऑपरेशन मुस्कान के तहत 100 लोगों को लौटाए गए खोए मोबाइल, अब तक 3273 फोन बरामद

Views: 3

जमशेदपुर: दीपावली से पहले जमशेदपुर पुलिस ने ‘ऑपरेशन मुस्कान’ के तहत करीब 100 लोगों के चेहरे पर खुशियां लौटा दीं। जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों से गुम हुए करीब 100 मोबाइल फोन बरामद कर शनिवार को उनके वास्तविक धारकों को सौंपे गए। लंबे समय बाद अपना खोया हुआ मोबाइल वापस पाकर लोगों के चेहरे खिल उठे।जमशेदपुर पुलिस लाइन में आयोजित 11वें मोबाइल वितरण शिविर में एसएसपी डॉ. एहतेशाम वकारिब, सिटी एसपी ललित मीणा, ग्रामीण एसपी शुभम खंडेलवाल समेत जिले के डीएसपी और विभिन्न थानों के प्रभारी मौजूद रहे। पुलिस ने सभी मोबाइल फोन का सत्यापन करने के बाद उनके वास्तविक मालिकों को सौंप दिया।

अब तक 3273 गुम मोबाइल फोन बरामद

जमशेदपुर पुलिस के अनुसार, ‘ऑपरेशन मुस्कान’ के तहत अब तक अलग-अलग चरणों में कुल 3273 गुम मोबाइल फोन बरामद किए जा चुके हैं। इन सभी मोबाइलों को उनके वास्तविक धारकों तक पहुंचाया गया है। शनिवार को आयोजित कार्यक्रम इस अभियान का 11वां मोबाइल वितरण शिविर था।

एसएसपी ने बताया शहरवासियों के लिए दिवाली का गिफ्ट

इस मौके पर एसएसपी डॉ. एहतेशाम वकारिब ने मोबाइल वितरण अभियान को शहरवासियों के लिए दीपावली का गिफ्ट बताया। उन्होंने कहा कि जमशेदपुर पुलिस आम लोगों की सुरक्षा और उनकी खोई हुई संपत्ति की बरामदगी के लिए प्रतिबद्ध है। पुलिस शहर को अपराधमुक्त और भयमुक्त बनाने की दिशा में लगातार काम कर रही है। हालांकि, इस अभियान में शहरवासियों का सहयोग भी बेहद जरूरी है।

मोबाइल वापस पाकर खिले लोगों के चेहरे

कार्यक्रम का सबसे भावुक और सुखद पल उस समय देखने को मिला, जब महीनों पहले गुम हुए मोबाइल फोन दोबारा अपने मालिकों के हाथों में पहुंचे। मोबाइल वापस मिलने पर लोगों ने जमशेदपुर पुलिस के प्रयासों की सराहना की और खुशी जाहिर की।पुलिस तकनीकी माध्यमों से गुम मोबाइल की तलाश, उनके स्वामित्व का सत्यापन और फिर वास्तविक मालिकों तक पहुंचाने का काम लगातार कर रही है। दीपावली से ठीक पहले करीब 100 लोगों को उनके खोए हुए मोबाइल लौटाकर जमशेदपुर पुलिस ने त्योहार की खुशियों को दोगुना कर दिया।

More From Author

टाटा लीज प्रकरण के समाधान और मानगो में नागरिक सुविधाओं के विस्तार की मांग, जेएचआरसी ने उठाए अहम मुद्दे

केरला पब्लिक स्कूल गम्हरिया का 23वां वार्षिक खेलकूद समारोह आयोजित, 229 अंक के साथ पृथ्वी सदन बना ओवरऑल चैंपियन