आदित्यपुर में दिनदहाड़े राह चलती युवती से छेड़खानी; ‘यासिका ड्रीम हाइट’ के सीसीटीवी में कैद हुई मनचलों की करतूत, पुलिस जांच में जुटी

आदित्यपुर :आदित्यपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत साई कल्पना अपार्टमेंट के समीप बुधवार दोपहर करीब 12 बजे एक युवती से बेखौफ मनचलों द्वारा छेड़खानी और भद्दी फब्तियां कसने का मामला प्रकाश में आया है। बिना नंबर प्लेट की दो मोटरसाइकिलों पर सवार चार युवकों ने टिफिन सप्लाई करने निकली युवती का पीछा करते हुए उसके साथ अभद्र व्यवहार किया। यह पूरी सनसनीखेज घटना पास के ‘यासिका ड्रीम हाइट’ भवन में लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हो गई है। पीड़िता की मां की शिकायत पर आदित्यपुर थाना पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है।

पढ़ाई के साथ मां के टिफिन सर्विस में मदद करती है पीड़िता

मिली जानकारी के अनुसार साई कल्पना निवासी ममता ओझा घर से ही टिफिन सर्विस चलाती हैं। उनकी पुत्री पढ़ाई करने के साथ-साथ टिफिन पहुंचाने में अपनी मां का हाथ बंटाती है। बुधवार दोपहर 12 बजे प्रेरणा जैसे ही टिफिन लेकर अपनी सोसायटी से बाहर निकली, बिना नंबर प्लेट की दो बाइकों पर सवार चार अज्ञात युवकों ने उसे घेरने की कोशिश की। युवकों ने युवती का पीछा करते हुए दो-तीन बार आगे-पीछे बाइक दौड़ाई और अश्लील फब्तियां कसीं। पीड़िता के अनुसार युवकों ने धमकी भरे लहजे में कहा— “का मैडम, कैसवा (केस) उठेगा या आपको ही उठा ले।”युवती के सहम जाने और किसी से मदद मांगने से पहले ही चारों आरोपी तेज रफ्तार में मोटरसाइकिल चमकाते हुए मौके से फरार हो गए।

सीसीटीवी फुटेज से हुआ खुलासा; मां ने थाने में दर्ज कराई शिकायत

घटना के बाद आसपास अफरा-तफरी का माहौल बन गया। पास के बिल्डर द्वारा ‘यासिका ड्रीम हाइट’ परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज पीड़िता के परिजनों को उपलब्ध कराई गई, जिसमें बाइक सवार युवकों की संदिग्ध हरकतें साफ दिखाई दे रही हैं।फुटेज मिलते ही पीड़िता की मां ममता ओझा तुरंत आदित्यपुर थाना पहुंचीं और लिखित शिकायत दर्ज कराई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और सीसीटीवी फुटेज को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।

आपसी विवाद से भी जुड़ रहे तार; जांच में जुटी आदित्यपुर पुलिस

पीड़िता प्रेरणा ओझा के अनुसार, उनकी मां का अपने एक पड़ोसी विशेश्वर गिरी के साथ पुराना विवाद चल रहा है, जो फिलहाल न्यायालय (कोर्ट) में लंबित है। पीड़िता ने अंदेशा जताया है कि इस अदालती विवाद को लेकर पूर्व में भी उन्हें अलग-अलग तरीकों से धमकियां मिलती रही हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामला दर्ज कर लिया गया है। सीसीटीवी फुटेज में दिख रहे बिना नंबर प्लेट के वाहनों और युवकों के हुलिए के आधार पर उनकी पहचान के प्रयास जारी हैं। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि क्या इस घटना का संबंध किसी पुराने जमीनी/कानूनी विवाद से है या यह महज मनचलों की करतूत है। जांच के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी।

More From Author

एसआईआर -2026 को लेकर जमशेदपुर में समीक्षा बैठक, 19 अक्टूबर को जारी होगी अंतिम मतदाता सूची