बागबेड़ा में गांजा और अवैध हथियार के साथ युवक गिरफ्तार, 1.428 किलो मादक पदार्थ व नकदी बरामद

जमशेदपुर: बागबेड़ा थाना क्षेत्र में पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए गांजा की कथित खरीद-बिक्री और अवैध हथियार रखने के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके पास से एक देशी कट्टा, एक जिंदा कारतूस, 1.428 किलोग्राम गांजा जैसा मादक पदार्थ और 10,435 रुपये नकद बरामद करने का दावा किया है।

रनिंग रूम के पास गांजा बेचने की मिली थी सूचना

पुलिस के अनुसार, 29 सितंबर की रात करीब 12:30 बजे वरीय पुलिस अधीक्षक, पूर्वी सिंहभूम को सूचना मिली थी कि बागबेड़ा थाना क्षेत्र के रनिंग रूम के पास लक्ष्मी मेडिकल के आसपास गुप्तेश्वर गिरी उर्फ लेदा गांजा की पुड़िया बनाकर बिक्री कर रहा है। सूचना में उसके पास अवैध हथियार होने की बात भी बताई गई थी।सूचना के सत्यापन और कार्रवाई के लिए पुलिस अधीक्षक नगर के निर्देश पर डीएसपी विधि-व्यवस्था सुमित कुमार के नेतृत्व में विशेष छापामारी दल का गठन किया गया। टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और गुप्तेश्वर गिरी उर्फ लेदा को पकड़ लिया।

देशी कट्टा, कारतूस और 1.428 किलो मादक पदार्थ बरामद

पुलिस के मुताबिक, तलाशी के दौरान आरोपी के पास से एक लोहे का देशी कट्टा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। इसके अलावा 1.428 किलोग्राम गांजा जैसा मादक पदार्थ और 10,435 रुपये नकद भी मिले।पुलिस ने मौके से इलेक्ट्रॉनिक वेट मशीन, एक माचिस, दो मोमबत्तियां और मादक पदार्थ पैक करने के लिए रखे 62 प्लास्टिक पाउच भी बरामद किए हैं।

आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट और एनडीपीएस एक्ट में केस

गिरफ्तार आरोपी की पहचान 28 वर्षीय गुप्तेश्वर गिरी उर्फ लेदा, पिता स्वर्गीय प्राणकिशन गिरी, निवासी संजयनगर, नाला के पास, रेलवे ट्रैफिक कॉलोनी, बागबेड़ा के रूप में हुई है।मामले में बागबेड़ा थाना कांड संख्या 88/26 दर्ज किया गया है। पुलिस ने आर्म्स एक्ट और एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई शुरू की है।

परसुडीह समेत कई थानों में दर्ज हैं मामले

पुलिस के अनुसार, आरोपी का आपराधिक इतिहास भी रहा है। उसके खिलाफ परसुडीह, बागबेड़ा, टेल्को और बर्मामाइंस थानों में कई मामले दर्ज बताए गए हैं। इनमें हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट और अन्य आपराधिक धाराओं से जुड़े मामले शामिल हैं।

हथियार और मादक पदार्थ के स्रोत की तलाश

पुलिस अब बरामद देशी कट्टा और गांजा जैसा मादक पदार्थ आरोपी तक पहुंचाने वाले स्रोत का पता लगाने में जुटी है। पुलिस के अनुसार, इसके लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है और मामले की आगे जांच जारी है।

More From Author

ड्रग्स और ऑनलाइन सट्टेबाजी पर सरयू राय ने उठाए सवाल, 2 अक्टूबर को होगा विचार क्रांति सम्मेलन