आदित्यपुर में पूजा पंडाल के पास युवक की गोली मारकर हत्या, जुआ खेलने के दौरान विवाद की आशंका

Views: 0

आदित्यपुर: सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत सतबोहनी जुलुमटांड़ पूजा पंडाल के समीप सोमवार देर शाम गोली मारकर एक युवक की हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान सोनू कुमार के रूप में हुई है। गोली लगने से गंभीर रूप से घायल सोनू को आनन-फानन में टाटा मुख्य अस्पताल (टीएमएच) ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है।

जुआ खेलने के दौरान विवाद में गोली चलने की आशंका

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, घटनास्थल के समीप कुछ लोग जुआ खेल रहे थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर विवाद होने की बात सामने आ रही है। बताया जा रहा है कि विवाद बढ़ने के बाद गोली चली, जो सोनू कुमार को लग गई।घटनास्थल पर ताश की गड्डियां बिखरी मिली हैं। ऐसे में पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है कि हत्या का संबंध जुआ खेलने के दौरान हुए विवाद से है या इसके पीछे कोई अन्य वजह है।

विशाल सिंह पर गोली मारने का आरोप, पुलिस कर रही तलाश

प्रारंभिक तौर पर विशाल सिंह नामक युवक पर सोनू कुमार को गोली मारने का आरोप लगाया जा रहा है। हालांकि, हत्या के पीछे की वास्तविक वजह और वारदात के पूरे घटनाक्रम का खुलासा अभी नहीं हुआ है। घटना के बाद पुलिस आरोपी की तलाश में जुट गई है।

थाना प्रभारी बोले- जल्द गिरफ्तार होगा आरोपी

आदित्यपुर थाना प्रभारी अंजनी कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। मृतक के भाई को घटना के संबंध में जानकारी है। उससे भी पूछताछ कर घटनाक्रम की जानकारी ली जा रही है। थाना प्रभारी ने आश्वासन दिया कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

हत्या के बाद सतबोहनी इलाके में सनसनी

फिलहाल पुलिस प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ कर रही है और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच में जुटी है। अभी यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि विवाद किस बात को लेकर शुरू हुआ और गोली चलाने की नौबत क्यों आई। युवक की हत्या के बाद सतबोहनी और आसपास के इलाकों में दहशत का माहौल है।

More From Author

जमशेदपुर: सोनारी में असामाजिक तत्वों का उत्पात, सरस्वती मंदिर परिसर में खड़ी चार गाड़ियों के शीशे तोड़े