Views: 0

पटमदा : कड़ाके की ठंड और बढ़ती शीतलहर को देखते हुए हर-हर महादेव सेवा संघ, जमशेदपुर द्वारा मंगलवार को पटमदा क्षेत्र में बड़े पैमाने पर कंबल वितरण अभियान चलाया गया। इस दौरान अलग-अलग स्थानों पर आयोजित कार्यक्रमों में लगभग 160 से अधिक जरूरतमंद और बुजुर्गों के बीच कंबलों का वितरण कर उन्हें राहत पहुंचाई गई।
बेलटांड़ चौक: भक्ति और सेवा का संगम
अभियान की शुरुआत पटमदा के बेलटांड़ चौक स्थित दुर्गा मंदिर परिसर से हुई। यहां ‘श्री श्री सार्वजनिक दुर्गा पूजा समिति, लावा’ के सहयोग से आयोजित कार्यक्रम में 60 जरूरतमंद लोगों को कंबल दिए गए।इस अवसर पर मुख्य रूप से उपस्थित संघ के प्रमुख अमरप्रीत सिंह काले ने कहा कि भीषण ठंड में किसी असहाय की मदद करना ही सच्ची ईश्वर सेवा है। संस्था का प्रयास है कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक सहायता पहुंचे। कार्यक्रम में अखिलेश सिन्हा, घनश्याम कुमार, राघवेंद्र शर्मा, जुगनू कुमार के साथ-साथ पूजा समिति के अध्यक्ष ईशान चंद्र गोप, कोषाध्यक्ष जगदीश प्रसाद मंडल, ग्राम प्रधान बृंदावन दास और सुकुमार दास ने सक्रिय भूमिका निभाई।
पटमदा बाजार: ब्रह्मकुमारी संस्था के साथ मिलकर बांटी खुशियां
इसके पश्चात, पटमदा बाजार में प्रजापिता ब्रह्मकुमारी संस्था के बैनर तले एक अन्य भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यहां हर-हर महादेव सेवा संघ की ओर से 100 से अधिक जरूरतमंदों के बीच कंबलों का वितरण किया गया। कड़ाके की ठंड में नया कंबल पाकर स्थानीय ग्रामीणों और बुजुर्गों के चेहरों पर सुकून भरी मुस्कान देखी गई।इस मौके पर पटमदा के मुखिया परमेश्वर सिंह, वरिष्ठ समाजसेवी मदन मोहन महतो, मुचीराम बाउरी, पंचानन दास और भीष्मनाथ महतो सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे। सभी ने हर-हर महादेव सेवा संघ के इस मानवीय प्रयास की सराहना की।
कपकपाती ठंड में बड़ी राहत
विदित हो कि ग्रामीण क्षेत्रों में शहर की तुलना में ठंड का प्रकोप अधिक रहता है। ऐसे में समय पर मिला यह सहयोग ग्रामीणों के लिए वरदान साबित हो रहा है। अमरप्रीत सिंह काले ने आश्वासन दिया कि आने वाले दिनों में भी जिले के अन्य सुदूर क्षेत्रों में इसी प्रकार के सेवा कार्य जारी रहेंगे।
