जमशेदपुर :सहायक उत्पाद आयुक्त, पूर्वी सिंहभूम के निर्देश पर जिले के विभिन्न क्षेत्रों में अवैध शराब कारोबारियों के खिलाफ सघन छापामारी अभियान चलाया गया। पिछले तीन दिनों की इस कार्रवाई में विभाग ने 11,400 लीटर चुलाई शराब को नष्ट कर दिया है, जबकि भारी मात्रा में जावा महुआ और तैयार शराब बरामद की गई है।
तीन दिनों की कार्रवाई का पूरा ब्यौरा
विभागीय जानकारी के अनुसार, छापामारी दल ने जिले के अलग-अलग अंचलों में दबिश दी जिसमें पटमदा के बूढ़ीगोड़ा और अदामपहाड़ी में अभियान चला कर 1,400 लीटर जावा महुआ नष्ट किया गया और 30 लीटर तैयार चुलाई शराब बरामद हुई।2 जून को पोटका के पहाड़भंगा और रानीकुदर में दबिश दे कर 10,000 लीटर चुलाई शराब नष्ट की गई और 6 अवैध भट्ठियों को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया गया। मौके से 180 लीटर शराब भी जब्त की गई।1 जून को जमशेदपुर के कदमा और सोनारी क्षेत्र में दबिश देकर 120 लीटर जावा महुआ जब्त किया गया।
तस्कर फरार, मामला दर्ज
राहत की बात यह है कि शराब निर्माण के अड्डों को नष्ट कर दिया गया है, लेकिन इन तीन दिनों की कार्रवाई में किसी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। पुलिस के पहुंचने से पहले ही संचालक भागने में सफल रहे। उत्पाद विभाग ने फरार संचालकों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और उनकी धर-पकड़ के लिए आगे की कार्रवाई में जुट गई है।
प्रशासन की चेतावनी
सहायक उत्पाद आयुक्त ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब का निर्माण और बिक्री किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यह अभियान आगे भी जारी रहेगा ताकि ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों को अवैध नशे के चंगुल से मुक्त रखा जा सके।
