जमशेदपुर: आजादनगर में नशे में धुत स्कॉर्पियो चालक ने सड़क किनारे खड़े लोगों को रौंदा, बिजली के खंभे से टकराई गाड़ी; भीड़ ने की पिटाई

जमशेदपुर। आजादनगर थाना क्षेत्र के जवाहर नगर रोड नंबर 16 में शुक्रवार देर शाम एक भीषण सड़क हादसा हो गया। नशे में धुत एक स्कॉर्पियो चालक ने बेकाबू होकर सड़क किनारे खड़े लोगों को टक्कर मार दी, जिसमें 1 से 2 लोग घायल हो गए। टक्कर मारने के बाद वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे बिजली के खंभे से जा टकराया और रुक गया।

तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने तीन लोगों को मारी टक्कर

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, स्कॉर्पियो (नं० JH 10 BS 4040) तेज रफ्तार में मानगो की ओर से परडीह की दिशा में जा रही थी। रोड नंबर 16 के पास अचानक चालक ने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया और सड़क किनारे खड़े दो युवकों और एक बुजुर्ग को टक्कर मार दी। गनीमत रही कि खंभे से टकराने के कारण वाहन रुक गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।

भीड़ ने की चालक की पिटाई, पुलिस ने किया बचाव

हादसे के बाद जब मौके पर मौजूद लोगों ने स्कॉर्पियो चालक को गाड़ी से बाहर निकाला, तो पता चला कि वह पूरी तरह शराब के नशे में था। इससे गुस्साए लोगों ने चालक की पिटाई कर दी।सूचना मिलते ही टाइगर मोबाइल की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने भीड़ से चालक को बचाकर थाने ले गई और आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू की।

चालक पर मामला दर्ज, पुलिस ने की शांति की अपील

आजादनगर पुलिस ने बताया कि चालक पूरी तरह शराब के नशे में था। पुलिस ने वाहन को जब्त कर लिया है और चालक के खिलाफ शराब पीकर वाहन चलाने, लापरवाही से गाड़ी चलाने और सड़क दुर्घटना से संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया जा रहा है।पुलिस ने स्थानीय लोगों से अपील की है कि किसी भी हादसे के बाद कानून अपने हाथ में न लें बल्कि तुरंत पुलिस को सूचना दें। स्थानीय निवासियों ने शिकायत की है कि इस रोड पर रात में कई बार तेज रफ्तार वाहन चलते हैं, जिससे हमेशा दुर्घटनाओं की संभावना बनी रहती है।

More From Author

जमशेदपुर में 1 नवंबर से थर्ड नॉर्थ सेंट्रल ब्लाइंड फुटबॉल चैंपियनशिप का आगाज, ‘घुंघरू की आवाज’ पर प्रतिभा दिखाएंगे नेत्रहीन खिलाड़ी

चक्रधरपुर रेल मंडल: नोवामुंडी स्टेशन पर शंटिंग इंजन बेपटरी, कर्मचारियों को नए सिग्नल सिस्टम का प्रशिक्षण न मिलने से हुआ हादसा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *