जमशेदपुर। भारत का 80वां स्वतंत्रता दिवस पूरे देश के साथ जमशेदपुर में भी हर्षोल्लास और देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। इस अवसर पर पूर्वी सिंहभूम जिला प्रशासन की ओर से बिष्टुपुर स्थित गोपाल मैदान में भव्य स्वतंत्रता दिवस समारोह आयोजित किया गया।समारोह में जिले के उपायुक्त राजीव रंजन मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने सबसे पहले एसएसपी डॉ. एहतेशाम वकारिब के साथ परेड में शामिल विभिन्न टुकड़ियों का निरीक्षण किया। इसके बाद उपायुक्त ने राष्ट्रीय ध्वज फहराकर तिरंगे को सलामी दी।


प्रशासनिक अधिकारी और गणमान्य लोग रहे मौजूद
स्वतंत्रता दिवस समारोह में सिटी एसपी ललित मीणा, ग्रामीण एसपी शुभम कुमार खंडेलवाल, एसडीओ अर्णव मिश्रा, सिविल सर्जन, डीडीसी समेत जिले के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।इसके अलावा स्वतंत्रता सेनानी, गणमान्य नागरिक और बड़ी संख्या में स्कूली छात्र-छात्राएं भी समारोह में शामिल हुए। पूरे गोपाल मैदान में देशभक्ति का माहौल देखने को मिला।
उपायुक्त ने गिनाईं जिले की विकास योजनाएं और उपलब्धियां
ध्वजारोहण के बाद उपायुक्त राजीव रंजन ने शहरवासियों और जिलेवासियों को संबोधित किया। उन्होंने सरकार की विभिन्न योजनाओं और जिला प्रशासन की ओर से किए जा रहे कार्यों तथा उपलब्धियों की जानकारी साझा की।उन्होंने कहा कि जिले में स्वास्थ्य, शिक्षा, रोजगार और सामाजिक विकास के क्षेत्र में लगातार काम किया जा रहा है।
स्वास्थ्य क्षेत्र में ‘उल्लास प्रोजेक्ट’ के तहत 189 मरीज चिन्हित
उपायुक्त ने बताया कि स्वास्थ्य के क्षेत्र में उल्लास प्रोजेक्ट के तहत 189 मरीजों को चिन्हित कर उनका इलाज कराया जा रहा है।उन्होंने बताया कि जिले में करीब 16 हजार दिव्यांगजनों को दिव्यांगता प्रमाणपत्र उपलब्ध कराया गया है। वहीं करीब 19 हजार गर्भवती महिलाओं को चिन्हित कर सुरक्षित प्रसव सुनिश्चित कराने की दिशा में काम किया गया है।
शिक्षा के क्षेत्र में पूर्वी सिंहभूम का प्रदर्शन बेहतर
उपायुक्त ने शिक्षा क्षेत्र की उपलब्धियों का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालय योजना के तहत जिले में शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने के प्रयास किए जा रहे हैं।उन्होंने बताया कि 10वीं सीबीएसई परीक्षा में पूर्वी सिंहभूम जिला पूरे झारखंड में अव्वल रहा है। उन्होंने शिक्षा की गुणवत्ता में और सुधार लाने तथा जिले के प्रत्येक बच्चे तक गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पहुंचाने की प्रतिबद्धता जताई।
युवाओं को रोजगार और महिलाओं की भागीदारी पर जोर
उपायुक्त राजीव रंजन ने कहा कि जिला प्रशासन का प्रयास है कि जिले के प्रत्येक बच्चे को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, युवाओं को रोजगार के अवसर और महिलाओं को विकास कार्यों में अधिक से अधिक भागीदारी मिले।उन्होंने कहा कि प्रशासन का लक्ष्य पूर्वी सिंहभूम को विकास के क्षेत्र में और आगे ले जाना है, ताकि झारखंड भी देश के अग्रणी राज्यों में अपनी मजबूत पहचान बना सके।
