बुरुडीह-कान्दरबेड़ा पुल का शिलान्यास, चम्पाई सोरेन बोले- मिनटों में पूरी होगी जमशेदपुर की यात्रा

गम्हरिया में झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री चम्पई सोरेन ने सरायकेला विधानसभा क्षेत्र के गम्हरिया प्रखंड अंतर्गत बुरुडीह में स्वर्णरेखा नदी पर बनने वाले पुल का शिलान्यास किया।यह पुल बुरुडीह को कान्दरबेड़ा से जोड़ेगा, जिससे क्षेत्र के लोगों को आवागमन में बड़ी राहत मिलेगी।

चांडिल और जमशेदपुर की दूरी होगी कम

शिलान्यास कार्यक्रम को संबोधित करते हुए चम्पाई सोरेन ने कहा कि पुल के निर्माण के बाद क्षेत्र के लोगों के लिए जमशेदपुर और चांडिल होते हुए एनएच -33 तक की यात्रा घंटों के बजाय मिनटों में पूरी हो सकेगी।उन्होंने कहा कि यह पुल क्षेत्र के विकास और लोगों की सुविधा के लिए काफी महत्वपूर्ण साबित होगा।

क्षेत्र में खुलेगा डिग्री कॉलेज

पूर्व मुख्यमंत्री ने बताया कि युवाओं की उच्च शिक्षा को ध्यान में रखते हुए इस क्षेत्र में एक डिग्री कॉलेज को भी स्वीकृति दी गई है।उन्होंने कहा कि कॉलेज का निर्माण कार्य जल्द शुरू किया जाएगा, जिससे खासकर छात्राओं को उच्च शिक्षा के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा।

विकास योजनाओं से बदलेगी क्षेत्र की तस्वीर

चम्पाई सोरेन ने कहा कि मुख्यमंत्री रहते हुए उन्होंने इस पुल समेत कई सड़क और विकास योजनाओं को स्वीकृति दी थी।उन्होंने विश्वास जताया कि इन योजनाओं के पूरा होने के बाद पूरे क्षेत्र का कायाकल्प होगा और लोगों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।

बड़ी संख्या में ग्रामीण रहे मौजूद

कार्यक्रम में जिला परिषद अध्यक्ष सोनाराम बोदरा, जिला परिषद सदस्य पिंकी मंडल, रामदास टुडू, बबलू नाथ सोरेन, गुरुप्रसाद महतो, वृहस्पति मंडल, रघुनाथ मंडल, डॉ. मुर्मू, भीम हांसदा, पवित्र मंडल, राम हांसदा, मनसा मुर्मू, रतन सोरेन समेत सैकड़ों ग्रामीण और स्थानीय लोग मौजूद रहे।

More From Author

टाटानगर में यात्री ट्रेनों को मिलेगी प्राथमिकता, मालगाड़ियों के लिए नहीं रोकी जाएंगी पैसेंजर ट्रेनें