जमशेदपुर: बकरीद की खरीदारी के दौरान साकची बाजार से 3 साल की बच्ची लापता, 72 घंटे बाद भी सुराग नहीं

जमशेदपुर के साकची बाजार से बकरीद की खरीदारी के दौरान 3 वर्षीय बच्ची के लापता होने का मामला सामने आया है। घटना के तीन दिन बीत जाने के बावजूद पुलिस बच्ची का कोई सुराग नहीं लगा पाई है, जिससे परिवार गहरे सदमे और चिंता में है।

खरीदारी के दौरान अचानक गायब हुई बच्ची

जानकारी के अनुसार मानगो हयात नगर निवासी इम्तियाज अपनी 3 साल की बेटी आफरीन खातून को लेकर मंगलवार 26 मई को साकची बाजार खरीदारी करने गए थे। इम्तियाज गांधी मैदान में फल दुकान लगाते हैं।परिजनों के मुताबिक खरीदारी के दौरान आफरीन उनके पास ही खड़ी थी, लेकिन जैसे ही इम्तियाज दुकानदार को पैसे देने लगे, बच्ची अचानक वहां से गायब हो गई। काफी देर तक खोजबीन करने के बाद भी बच्ची का कोई पता नहीं चल सका।

स्थानीय लोगों ने भी की तलाश, थाने में दर्ज कराई गुमशुदगी

बच्ची के गायब होने के बाद पिता और स्थानीय लोगों ने बाजार क्षेत्र में काफी खोजबीन की। इसके बाद मामले की सूचना स्थानीय थाना पुलिस को दी गई और गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई।परिवार का आरोप है कि 72 घंटे बीत जाने के बावजूद पुलिस अब तक बच्ची को खोजने में सफल नहीं हो सकी है।

मानव तस्करी की आशंका से डरे परिजन

बकरीद की खरीदारी को लेकर बाजार में भारी भीड़ थी। ऐसे में बच्ची के अचानक लापता होने से कई तरह की आशंकाएं जताई जा रही हैं। परिजन मानव तस्करी गिरोह की संलिप्तता की भी आशंका जता रहे हैं।परिवार वालों का कहना है कि वे किसी अनहोनी की आशंका से बेहद डरे हुए हैं और प्रशासन से जल्द बच्ची को सुरक्षित बरामद करने की मांग कर रहे हैं।

पुलिस जांच में जुटी

पुलिस मामले की जांच कर रही है। बाजार क्षेत्र के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं ताकि बच्ची के बारे में कोई सुराग मिल सके।

More From Author

सरायकेला बालिका गृह से दो नाबालिगों के फरार होने पर प्रशासन ने मानी सुरक्षा में चूक

नीट पेपर लीक और क्लस्टर सिस्टम के खिलाफ सड़कों पर उतरे छात्र, हेसालौंग में प्रदर्शन