जमशेदपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूरे होने के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी द्वारा जमशेदपुर महानगर में विशेष महाअभियान चलाया जाएगा। ‘बारह साल विश्वास के, विकास के, जन कल्याण के’ शीर्षक से यह अभियान 5 जून से 21 जून तक शहर के चारों विधानसभा क्षेत्रों में आयोजित किया जाएगा।अभियान की तैयारियों को लेकर भाजपा जमशेदपुर महानगर की महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठक शुक्रवार को बर्मामाइंस स्थित देवस्थान सभागार में आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता भाजपा जमशेदपुर महानगर अध्यक्ष संजीव सिन्हा ने की।
संगठनात्मक बैठक में बनी कार्यक्रमों की रूपरेखा
बैठक में प्रदेश उपाध्यक्ष सह पूर्व सांसद आभा महतो, पूर्व विधायक मेनका सरदार, पूर्व जिलाध्यक्ष, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य, जिला पदाधिकारी, मोर्चा अध्यक्ष, मंडल अध्यक्ष, मंडल प्रभारी एवं अभियान के संयोजक और सह-संयोजक शामिल हुए।इस दौरान प्रधानमंत्री के ‘मन की बात’ कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए शीर्ष पांच मंडल अध्यक्षों को सम्मानित भी किया गया। साथ ही आगामी 31 मई को सभी बूथों पर ‘मन की बात’ कार्यक्रम आयोजित करने को लेकर चर्चा की गई।
आभा महतो बोलीं- मोदी सरकार के 12 वर्ष सुशासन और जनकल्याण के प्रतीक
प्रदेश उपाध्यक्ष एवं पूर्व सांसद आभा महतो ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बीते 12 वर्ष भारत के स्वाभिमान, सुशासन और जनकल्याण के रूप में याद किए जाएंगे।उन्होंने कहा कि इन वर्षों में देश ने विकास, सुरक्षा, गरीब कल्याण और महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में ऐतिहासिक कार्य किए हैं। केंद्र सरकार की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचा है।उन्होंने कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर तक सक्रिय रहकर केंद्र सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।
5 जून से शुरू होगा अभियान, योग दिवस पर होगा समापन
जमशेदपुर महानगर अध्यक्ष संजीव सिन्हा ने बताया कि अभियान की शुरुआत 5 जून को विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर शक्ति केंद्र स्तर पर वृक्षारोपण कार्यक्रम से होगी।उन्होंने कहा कि ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत भाजपा कार्यकर्ता वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश देंगे।इसके अलावा अभियान के तहत कई कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे:
8 से 14 जून: विशेष जनसंपर्क अभियान
13 जून: जिला स्तरीय मीडिया संवाद कार्यक्रम
16 से 18 जून: प्रबुद्धजन सम्मेलन एवं प्रदर्शनी
21 जून: अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर मंडल स्तर तक योग शिविर
कई वरिष्ठ भाजपा नेता और कार्यकर्ता रहे मौजूद
बैठक में पूर्व जिलाध्यक्ष रामबाबू तिवारी, चंद्रशेखर मिश्रा, दिनेश कुमार, सुधांशु ओझा, राजीव सिंह, मिथिलेश सिंह यादव, मनोज सिंह, कुलवंत सिंह बंटी, रीता मिश्रा, जटाशंकर पांडेय, खेमलाल चौधरी समेत बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
