जमशेदपुर। शहर के कांवरिया धाम मंदिर परिसर में आयोजित श्रीरामचरितमानस नवाह्न परायण महायज्ञ एवं रामकथा का नवम दिवस श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक माहौल के बीच संपन्न हुआ। मंदिर कमेटी के तत्वावधान एवं यज्ञाधीश संत श्री पद्मनाभ स्वामी जी महाराज के मार्गदर्शन में आयोजित इस धार्मिक अनुष्ठान में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए।
काशी से आए कथावाचक शिवेश त्रिपाठी ने सुनाया रामराज्य प्रसंग
रामकथा के दौरान काशी से पधारे कथावाचक श्री शिवेश त्रिपाठी जी ने अपने मुखारविंद से श्रीराम राज्याभिषेक एवं पूर्णाहुति प्रसंग का भावपूर्ण वर्णन किया। उन्होंने रामराज्य की महिमा, आदर्श शासन व्यवस्था, धर्म और मानव जीवन के मूल्यों पर विस्तार से प्रकाश डाला।कथा श्रवण के दौरान श्रद्धालु भावविभोर नजर आए और पूरा परिसर जय श्रीराम के जयकारों से गूंज उठा।
कई विद्वान आचार्य महायज्ञ में निभा रहे भूमिका
महायज्ञ में मुख्य आचार्य के रूप में आचार्य मनु पाठक जी एवं उप आचार्य पं. रघुपति पांडे जी यज्ञ कार्य का संचालन कर रहे हैं। इसके अलावा आचार्य राम सुहागा जी, महामाया पीठाधीश्वर श्री पवन मिश्रा जी, पं. हिमांशु चौबे जी, पं. बृजकिशोर पाठक जी, पं. अतुल चौबे जी एवं पं. वासुदेव जी भी धार्मिक अनुष्ठान में सक्रिय सहभागिता निभा रहे हैं।मंदिर के मुख्य पुजारी चंद्रशेखर ओझा जी आयोजन की व्यवस्थाओं में लगातार सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।
भव्य आरती और महाप्रसाद वितरण के साथ हुआ समापन
रामकथा के समापन के बाद मंदिर परिसर में भव्य आरती आयोजित की गई। इसके बाद श्रद्धालुओं के बीच महाप्रसाद का वितरण किया गया।9 दिवसीय इस धार्मिक आयोजन में प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं और धर्मलाभ प्राप्त कर रहे हैं।
