जमशेदपुर। क्षेत्र में बिजली की जर्जर व्यवस्था और बुनियादी ढांचे की कमी को दूर करने के लिए जिला परिषद उपाध्यक्ष पंकज के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने मंगलवार को बिजली विभाग के कार्यपालक अभियंता आनंद कौशिक से मुलाकात की। इस दौरान उपाध्यक्ष ने क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं से अवगत कराते हुए मांगों से संबंधित एक ज्ञापन सौंपा।
प्रमुख मांगें जिन पर हुआ विचार
प्रतिनिधिमंडल ने क्षेत्रवार निम्नलिखित समस्याओं के समाधान की मांग रखी है जिसमे मकदमपुर मुंशी मोहल्ला में 100 केवी का नया ट्रांसफॉर्मर लगाने और पुराने जर्जर तारों को बदलने की मांग की गई। पश्चिम कीताडीह के मनसा मंदिर के पास 200 केवी और विजय स्टोर के पास 200 केवी का ट्रांसफॉर्मर लगाने के साथ ही 10 स्थानों पर नए बिजली खंभे लगाने का प्रस्ताव दिया गया।गोलपहाड़ी नया बस्ती में 10 नए बिजली खंभे व तार लगाने और पहले से लगे 6 खंभों पर अविलंब तार खींचने की मांग की गई।पश्चिम कालीमाटी पंचायत के दुर्गाबाड़ी से ग्वालापट्टी तक 4 खंभे, कुंडू पुआल टाल के पास तार लगाने और अन्य बुनियादी सुधारों पर जोर दिया गया।
15 दिनों की समय सीमा तय
कार्यपालक अभियंता आनंद कौशिक ने प्रतिनिधिमंडल की बातों को गंभीरता से सुना और आश्वासन दिया कि अगले 15 दिनों के भीतर चिह्नित सभी कार्यों को पूरा कर लिया जाएगा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को इन क्षेत्रों का निरीक्षण कर त्वरित कार्रवाई करने का निर्देश भी दिया।
प्रतिनिधिमंडल में ये थे शामिल
इस अवसर पर जिप उपाध्यक्ष के साथ मुख्य रूप से शिवजी सिंह, संतोष चौबे, ओम प्रकाश यादव, बीरेन्द्र, आनंद प्रसाद समेत कई स्थानीय लोग मौजूद थे। उपाध्यक्ष ने कहा कि यदि निर्धारित समय में कार्य पूरा नहीं हुआ, तो वे आगे की कार्रवाई के लिए बाध्य होंगे।
