जमशेदपुर: साकची बाजार से पिछले सात दिनों से लापता बच्ची अफरीन की बरामदगी को लेकर चिंता बढ़ती जा रही है। मामले में सामाजिक कार्यकर्ता जेवा खान ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से हस्तक्षेप करते हुए शीघ्र और प्रभावी कार्रवाई की मांग की है।जानकारी के अनुसार, अफरीन गत सप्ताह अपने माता-पिता के साथ साकची बाजार गई थी। इसी दौरान वह अचानक लापता हो गई। परिजनों ने तत्काल साकची थाने में शिकायत दर्ज कराई थी, लेकिन सात दिन बीत जाने के बावजूद बच्ची का कोई सुराग नहीं मिल पाया है। इससे परिवार और स्थानीय लोगों की चिंता लगातार बढ़ रही है।
विशेष जांच टीम गठित करने की मांग
जेवा खान ने प्रशासन से मामले को गंभीरता से लेने की अपील करते हुए कहा कि लापता बच्चों के मामलों में शुरुआती समय बेहद महत्वपूर्ण होता है। उन्होंने मांग की किमामले की जांच के लिए विशेष टीम गठित की जाए।साकची बाजार और आसपास के क्षेत्रों के सीसीटीवी फुटेज की गहन जांच कराई जाए।जांच की प्रगति की नियमित निगरानी की जाए।बच्ची की तलाश के लिए सभी संभावित स्थानों पर सर्च अभियान चलाया जाए।
आंदोलन की चेतावनी
सामाजिक कार्यकर्ता जेवा खान ने कहा कि यदि पुलिस प्रशासन द्वारा जल्द और प्रभावी कदम नहीं उठाए गए तो सामाजिक कार्यकर्ता एवं स्थानीय नागरिक लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन करने को बाध्य होंगे। उन्होंने कहा कि ऐसी स्थिति में उत्पन्न होने वाली परिस्थितियों की जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
संस्था ने भी उठाई आवाज
समर्पण सेवा प्रगति संस्था ने भी बच्ची अफरीन की सकुशल बरामदगी की मांग की है। संस्था के पदाधिकारियों ने प्रशासन से अपील की है कि मामले को प्राथमिकता के आधार पर लेते हुए बच्ची को जल्द से जल्द उसके परिवार से मिलाया जाए।
