झामुमो ने जमशेदपुर में आयोजित किया बीएलए प्रशिक्षण शिविर, मतदाता सूची पुनरीक्षण पर दिया जोर

जमशेदपुर: झामुमो के पूर्वी सिंहभूम जिला इकाई के तत्वावधान में टाउन हॉल सभागार में बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में पार्टी के केंद्रीय महासचिव विनोद पांडेय मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।कार्यक्रम में विधायक संजीव सरदार, मंगल कालिंदी, सोमेश सोरेन और सविता महतो समेत पार्टी के कई वरिष्ठ नेता एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

मतदाता सूची पुनरीक्षण की दी गई जानकारी

प्रशिक्षण शिविर में बीएलए को मतदाता सूची के विशेष पुनरीक्षण, एसआईआर मैपिंग, विभिन्न प्रपत्रों को भरने की प्रक्रिया तथा योग्य मतदाताओं का नाम मतदाता सूची में जोड़ने संबंधी विस्तृत प्रशिक्षण दिया गया।इसके साथ ही ऐसे पात्र मतदाताओं, जिनका नाम किसी कारणवश मतदाता सूची से हट गया है, उनका नाम पुनः दर्ज कराने की प्रक्रिया की भी जानकारी दी गई।

ढाई लाख नाम सूची से बाहर होने का दावा

इस अवसर पर केंद्रीय महासचिव विनोद पाण्डेय ने कहा कि पूर्वी सिंहभूम जिले में लगभग ढाई लाख लोगों के नाम मतदाता सूची से बाहर होने की जानकारी सामने आई है।उन्होंने कहा कि मतदाता सूची में नाम नहीं होने से नागरिकों को अपने लोकतांत्रिक अधिकारों के प्रयोग में कठिनाई होती है। साथ ही कई सरकारी योजनाओं का लाभ लेने में भी समस्याएं उत्पन्न हो सकती हैं।

किसी पात्र मतदाता का नाम न छूटे

विनोद पाण्डेय ने कहा कि बीएलए को प्रशिक्षित करने का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची से वंचित न रहे। उन्होंने कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर पर सक्रिय भूमिका निभाने और अधिक से अधिक पात्र लोगों का नाम मतदाता सूची में दर्ज कराने के लिए अभियान चलाने का आह्वान किया।

जागरूकता अभियान चलाने की अपील

झामुमो नेताओं ने बीएलए से मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य में सक्रिय सहयोग देने और आम लोगों के बीच जागरूकता फैलाने की अपील की। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र को मजबूत बनाने के लिए प्रत्येक पात्र नागरिक का मतदाता सूची में नाम होना आवश्यक है।

More From Author

जमशेदपुर: विद्यार्थियों को समाज की जमीनी सच्चाइयों से जोड़ना शिक्षा का वास्तविक उद्देश्य: डॉ कविता परमार

डिमना लेक को पर्यटन हब बनाने की तैयारी, लेकिन गंदगी और असामाजिक गतिविधियां बनी चुनौती