जमशेदपुर: उपायुक्त राजीव रंजन की अध्यक्षता में समाहरणालय सभागार में सहकारिता, मत्स्य, पशुपालन, उद्यान, भूमि संरक्षण एवं अन्य संबद्ध विभागों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए गए।
15 जून तक धान उठाव सुनिश्चित करने का निर्देश
सहकारिता विभाग की समीक्षा के दौरान उपायुक्त ने लेंपस में बचे करीब 35 हजार क्विंटल धान का उठाव 15 जून तक मीलरों के माध्यम से सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने धान अधिप्राप्ति प्रक्रिया को समयबद्ध तरीके से पूरा करने पर जोर दिया।साथ ही दुग्ध उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए संग्रहण एवं विपणन व्यवस्था के विस्तार तथा नई सहकारी समितियों के गठन की दिशा में आवश्यक कदम उठाने को कहा।
बुरूडीह डैम में शुरू होगा केज कल्चर मत्स्य पालन
मत्स्य विभाग को बुरूडीह डैम में केज कल्चर के माध्यम से मत्स्य पालन शुरू करने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा जिले में 10 मॉडल तालाब विकसित करने की योजना पर भी तेजी से कार्य करने को कहा गया।
लाभुकों का भौतिक सत्यापन कराने का निर्देश
भूमि संरक्षण विभाग को संचालित योजनाओं के लाभुकों का भौतिक सत्यापन कर विस्तृत रिपोर्ट उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया, ताकि योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन का आकलन किया जा सके।
उद्यान विभाग को नर्सरी और स्ट्रॉबेरी खेती बढ़ाने का निर्देश
उद्यान विभाग को नर्सरी विकास, माली प्रशिक्षण, मधुमक्खी पालन तथा स्ट्रॉबेरी खेती को बढ़ावा देने के लिए विशेष कार्ययोजना तैयार करने का निर्देश दिया गया।
किसानों के केसीसी आवेदन शीघ्र निपटाने पर जोर
खरीफ सीजन को देखते हुए उपायुक्त ने एलडीएम को किसान क्रेडिट कार्ड आवेदनों के त्वरित निष्पादन एवं स्वीकृत ऋण राशि के शीघ्र भुगतान को सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
पशुपालन योजनाओं के समय पर लाभ वितरण के निर्देश
बैठक में पशुपालन विभाग को बकरा, सुकर, कुक्कुट एवं अन्य पशुधन वितरण योजनाओं के लाभुकों को समय पर लाभ उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया।बैठक में नागेंद्र पासवान समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
