खासमहाल-गोविंदपुर सड़क निर्माण में अनियमितता का आरोप, भाजपा ने की उच्चस्तरीय जांच की मांग

जमशेदपुर। खासमहाल-गोविंदपुर सड़क निर्माण कार्य में कथित अनियमितताओं और लंबे समय से कार्य अधूरा रहने को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। इस मुद्दे को लेकर भाजपा परसुडीह मंडल अध्यक्ष सुमित कुमार शर्मा ने प्रशासन से मामले की उच्चस्तरीय जांच कराने और निर्माण कार्य को जल्द पूरा कराने की मांग की है।

18 करोड़ की सड़क परियोजना अधर में

जानकारी के अनुसार, लगभग 18 करोड़ रुपये की लागत से बन रही खासमहाल-गोविंदपुर सड़क का निर्माण कार्य लंबे समय से ठप पड़ा हुआ है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि निर्माण एजेंसी के कार्यस्थल पर अनुपस्थित रहने के कारण परियोजना समय पर पूरी नहीं हो सकी है।सड़क की वर्तमान स्थिति काफी खराब बताई जा रही है। जगह-जगह गड्ढे, कीचड़ और धूल के कारण राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

मरीजों, छात्रों और आम लोगों को हो रही परेशानी

खराब सड़क के कारण ऑटो चालकों, एम्बुलेंस सेवाओं और दैनिक यात्रियों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क की बदहाल स्थिति से मरीजों, विद्यार्थियों और नौकरी-पेशा लोगों को रोजाना परेशानी झेलनी पड़ रही है।

कई बार हो चुका है विरोध-प्रदर्शन

स्थानीय नागरिकों ने बताया कि सड़क निर्माण में हो रही देरी और समस्याओं को लेकर कई बार संबंधित विभाग और जनप्रतिनिधियों को शिकायत दी गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। इसके विरोध में ग्रामीणों और स्थानीय लोगों ने कई बार प्रदर्शन और सड़क जाम भी किया है।

निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग

भाजपा परसुडीह मंडल ने मांग की है कि सड़क निर्माण कार्य की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच कराई जाए। साथ ही निर्माण में हुई संभावित अनियमितताओं और भ्रष्टाचार की जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए।संगठन ने संबंधित संवेदक (ठेकेदार) की जवाबदेही तय करने, निर्माण कार्य को शीघ्र पूरा कराने तथा सड़क पर सुरक्षित एवं सुचारु आवागमन सुनिश्चित करने के लिए तत्काल मरम्मत कार्य शुरू करने की मांग भी की है।

स्थानीय लोगों की उम्मीदें बढ़ीं

स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यदि प्रशासन समय रहते हस्तक्षेप करता है और निर्माण कार्य को गति देता है, तो क्षेत्र के हजारों लोगों को राहत मिलेगी। फिलहाल लोगों की निगाहें प्रशासन और संबंधित विभाग की कार्रवाई पर टिकी हैं।

More From Author

जमशेदपुर पहुंचे केंद्रीय मंत्री संजय सेठ, घायल भाजपा जिला अध्यक्ष गीता बालमुचू का जाना हाल, झारखंड सरकार पर साधा निशाना

जमशेदपुर में ट्रैफिक चालान पर विवाद, युवक ने एसएसपी कार्यालय पहुंचकर जताया विरोध, वीडियो वायरल