जमशेदपुर। जनगणना-2027 के तहत निर्धारित मकान सूचीकरण एवं मकान गणना कार्यक्रम के अंतर्गत जिला प्रशासन द्वारा उपायुक्त आवास पर जनगणना संबंधी कार्य सफलतापूर्वक संपन्न किया गया। इस दौरान अधिसूचित प्रगणक एवं सुपरवाइजर ने स्वगणना आईडी की सहायता से आवश्यक आंकड़ों का संकलन कर निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार सत्यापन किया।
उपायुक्त से प्राप्त की गई आवश्यक जानकारी
कार्यक्रम के दौरान जिला दण्डाधिकारी सह उपायुक्त राजीव रंजन से जनगणना के लिए आवश्यक सूचनाएं प्राप्त की गईं। अधिकारियों ने मकान सूचीकरण एवं गणना से संबंधित सभी बिंदुओं का विधिवत रिकॉर्ड तैयार किया तथा निर्धारित प्रपत्रों में आवश्यक विवरण दर्ज किए।
सही जानकारी देना नागरिकों की जिम्मेदारी
उपायुक्त राजीव रंजन ने जिलेवासियों से जनगणना-2027 में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की। उन्होंने कहा कि जनगणना कार्य के दौरान नागरिक सही, पूर्ण एवं तथ्यात्मक जानकारी उपलब्ध कराएं, ताकि तैयार होने वाले आंकड़े सटीक और विश्वसनीय हों।उन्होंने कहा कि जनगणना केवल जनसंख्या की गणना नहीं है, बल्कि यह देश और राज्य की विकास योजनाओं का आधार भी है।
विकास योजनाओं के लिए महत्वपूर्ण हैं जनगणना के आंकड़े
उपायुक्त ने बताया कि जनगणना से प्राप्त आंकड़े सरकार को विकास योजनाओं के निर्माण, संसाधनों के समुचित वितरण तथा विभिन्न जनकल्याणकारी कार्यक्रमों के प्रभावी क्रियान्वयन में सहायता प्रदान करते हैं। इसलिए जनगणना की सफलता के लिए प्रत्येक नागरिक का सहयोग अत्यंत आवश्यक है।
प्रशासन ने की सहयोग की अपील
जिला प्रशासन ने सभी नागरिकों से अपील की है कि जनगणना कर्मियों को आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराएं और इस राष्ट्रीय महत्व के कार्य को सफल बनाने में अपना योगदान दें।
